मुंबई के क्विंटन डी कॉक ने पंजाब के खिलाफ 112* रन बनाए। वह 3 अलग IPL टीमों से शतक लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बने। उन्होंने T20 में 9 शतकों के साथ कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी की।

मुंबई: पंजाब किंग्स के खिलाफ गुरुवार को हुए मैच में मुंबई इंडियंस के ओपनर क्विंटन डी कॉक ने धमाकेदार सेंचुरी जड़ दी है। इस पारी के साथ ही उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। यह इस IPL सीजन में डी कॉक का पहला ही मैच था और उन्होंने मिले मौके का पूरा फायदा उठाया। जब मुंबई की टीम 12 रन पर 2 विकेट खोकर मुश्किल में थी, तब डी कॉक ने पारी को संभाला। उन्होंने 17वें ओवर में बार्टलेट की गेंद पर चौका लगाकर सिर्फ 53 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी की। इस मैच में डी कॉक 60 गेंदों पर 112 रन बनाकर नॉटआउट रहे, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इस शतक के साथ ही डी कॉक IPL में 3 अलग-अलग टीमों के लिए सेंचुरी लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले वह दिल्ली और लखनऊ के लिए भी शतक लगा चुके हैं। इस लिस्ट में उनके अलावा के.एल. राहुल (पंजाब, लखनऊ, दिल्ली) और संजू सैमसन (दिल्ली, राजस्थान, चेन्नई) शामिल हैं। इतना ही नहीं, डी कॉक IPL में 3 शतक लगाने वाले पहले विकेटकीपर-बल्लेबाज भी बन गए हैं।

मुंबई के लिए दूसरा सबसे बड़ा स्कोर

डी कॉक का 112* का स्कोर IPL में मुंबई इंडियंस के लिए किसी भी बल्लेबाज़ का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। यह रिकॉर्ड अभी भी सनथ जयसूर्या के नाम है, जिन्होंने 2008 में CSK के खिलाफ 114* रन बनाए थे।

डी कॉक ने की कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी

इस पारी के साथ डी कॉक ने T20 क्रिकेट में 9 शतक पूरे कर लिए हैं और विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। कोहली ने भी T20 में 9 शतक लगाए हैं। सबसे ज़्यादा T20 शतक लगाने वालों की लिस्ट में ये दोनों अब संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं। इस लिस्ट में क्रिस गेल (22 शतक) टॉप पर हैं, जबकि बाबर आज़म (11) और डेविड वॉर्नर (10) दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं।

अर्शदीप के 100 विकेट पूरे

पंजाब किंग्स के बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह ने भी इस मैच में एक बड़ा मुकाम हासिल किया। उन्होंने IPL में अपने 100 विकेट पूरे कर लिए हैं। मुंबई के बल्लेबाज़ रिकेल्टन का विकेट लेकर अर्शदीप ने यह उपलब्धि हासिल की। वह IPL में ऐसा करने वाले 5वें बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ हैं।