Ruturaj Gaikwad Duleep Trophy 2026: दिलीप ट्रॉफी 2026 के लिए वेस्ट जोन टीम का ऐलान हो गया है। रुतुराज गायकवाड़ को कप्तान और शम्स मुलानी को उपकप्तान बनाया गया है।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में हार के बाद भारतीय क्रिकेट का फोकस अब घरेलू क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंटों में से एक दिलीप ट्रॉफी 2026 पर आ गया है। 20 जुलाई को वेस्ट जोन की टीम का ऐलान किया गया, जिसमें रुतुराज गायकवाड़ को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का नेतृत्व कर चुके गायकवाड़ के सामने अब घरेलू क्रिकेट में अपनी कप्तानी का दम दिखाने की चुनौती होगी।
रुतुराज के हाथों में कमान, शम्स मुलानी बने उपकप्तान
जोनल सिलेक्शन कमिटी की बैठक के बाद घोषित टीम में लेफ्ट आर्म ऑलराउंडर शम्स मुलानी को उपकप्तान बनाया गया है। दिलीप ट्रॉफी 2026 का आयोजन 23 अगस्त से 10 सितंबर के बीच होगा। पिछले सीजन में वेस्ट जोन की कप्तानी शार्दुल ठाकुर ने की थी और उनकी अगुआई में टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी। इस बार भी शार्दुल टीम का हिस्सा हैं, लेकिन कप्तानी की जिम्मेदारी गायकवाड़ को दी गई है।
यह भी पढ़ें: फाइनल में शर्मिंदगी की 'हैट्रिक', 60 साल के वर्ल्ड कप इतिहास में अर्जेंटीना ने बनाया अनचाहा रिकॉर्ड
पृथ्वी शॉ, सरफराज और मुशीर समेत मजबूत बल्लेबाजी, गेंदबाजी भी दमदार
वेस्ट जोन की 15 सदस्यीय टीम में कई चर्चित खिलाड़ियों को जगह मिली है। बल्लेबाजी विभाग में पृथ्वी शॉ, सरफराज खान, मुशीर खान और शिवालिक शर्मा जैसे नाम शामिल हैं। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी हार्विक देसाई और उर्विल पटेल संभालेंगे।
गेंदबाजी में भी टीम संतुलित नजर आ रही है। स्पिन विभाग में शम्स मुलानी, तनुश कोटियान और सिद्धार्थ देसाई मौजूद हैं, जबकि तेज गेंदबाजी की कमान शार्दुल ठाकुर, तुषार देशपांडे और मुकेश चौधरी संभालेंगे। ऑलराउंड विकल्पों की मौजूदगी टीम को और मजबूत बनाती है।
दिलीप ट्रॉफी 2026 के लिए वेस्ट जोन का पूरा स्क्वॉड
मुख्य टीम: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), शम्स मुलानी (उपकप्तान), हार्विक देसाई (विकेटकीपर), उर्विल पटेल (विकेटकीपर), जयमीत पटेल, पृथ्वी शॉ, शिवालिक शर्मा, सिद्धार्थ देसाई, सरफराज खान, मुशीर खान, अतीत शेठ, मुकेश चौधरी, तनुश कोटियान, शार्दुल ठाकुर और तुषार देशपांडे।
रिजर्व खिलाड़ी: जय गोहिल, आर्या देसाई, अर्शिन कुलकर्णी, महेश पिठिया, विशाल जयसवाल और राजवर्धन हंगरगेकर
अब सभी की निगाहें इस बात पर होंगी कि रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में वेस्ट जोन दिलीप ट्रॉफी 2026 में कैसा प्रदर्शन करता है और क्या टीम पिछले सीजन से एक कदम आगे बढ़कर खिताब जीतने में सफल हो पाती है।
यह भी पढ़ें: अब कब एक्शन में नजर आएंगे विराट कोहली और रोहित शर्मा? देखें भारत का ODI शेड्यूल
