Sam Ayub controversy: वैभव सूर्यवंशी के विकेट के बाद सैम अयूब के ‘बेबी सेलिब्रेशन’ पर विवाद बढ़ गया। अहमद शहजाद और शोएब अख्तर ने भी इस जश्न पर सवाल उठाए।

भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच हो और मैदान पर हुई किसी छोटी सी घटना की चर्चा मैच खत्म होने के बाद तक न चले, ऐसा कम ही होता है। एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। पाकिस्तान के सैम अयूब ने वैभव सूर्यवंशी का विकेट लेने के बाद जिस अंदाज में जश्न मनाया, वह अब चर्चा का विषय बन गया है। खास बात यह है कि इस सेलिब्रेशन पर सवाल किसी भारतीय खिलाड़ी या फैन ने नहीं, बल्कि पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अहमद शहजाद और शोएब अख्तर ने उठाए हैं।

आखिर सैम अयूब ने ऐसा क्या किया?

भारत की पारी के दौरान वैभव सूर्यवंशी सैम अयूब की गेंद पर आउट हो गए। विकेट मिलने के बाद अयूब ने बच्चे को गोद में लेकर झुलाने जैसा इशारा किया। वैभव की उम्र महज 15 साल है, इसलिए उनके विकेट के बाद किए गए इस जश्न को सोशल मीडिया पर 'बेबी सेलिब्रेशन' कहा जाने लगा। यह पल कैमरे में कैद हुआ और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई। कुछ लोगों ने इसे मजेदार सेलिब्रेशन माना, जबकि कुछ ने इसे जरूरत से ज्यादा आक्रामक बताया।

अहमद शहजाद को क्यों आया गुस्सा?

अहमद शहजाद ने सैम अयूब के इसी अंदाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि वैभव जिस तरह आउट हुए, उसमें गेंदबाज की कोई ऐसी खास उपलब्धि नहीं थी जिस पर इस तरह का जश्न मनाया जाए। वैभव रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश में गेंद का किनारा लगने के बाद आउट हुए थे। उन्होंने पाकिस्तान के भारत के खिलाफ हालिया प्रदर्शन को भी निशाने पर लिया, टीम को मैदान पर ज्यादा संघर्ष और मुकाबला करने की क्षमता दिखानी चाहिए।

शोएब अख्तर ने भी लगाई फटकार

एब अख्तर ने सैम अयूब के वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद किए गए सेलिब्रेशन पर नाराजगी जताई।उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के खिलाड़ियों को पहले मैदान पर भारत को कड़ी चुनौती देनी चाहिए, फिर इस तरह का जश्न मनाना चाहिए। अख्तर ने यह भी माना कि वैभव ने कम उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर अपनी काबिलियत दिखाई।

क्या अभिषेक शर्मा ने दिया सैम अयूब को जवाब?

इस घटना के बाद मुकाबले में एक और दिलचस्प पल आया। वैभव के आउट होने के बाद अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ अपनी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने सैम अयूब के ओवर में बड़े शॉट लगाए और 15 रन बटोरे। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर कुछ फैंस ने अभिषेक की बल्लेबाजी को अयूब के सेलिब्रेशन का जवाब तक बता दिया। हालांकि, मैदान पर खिलाड़ियों ने इसे किसी व्यक्तिगत टकराव की तरह पेश नहीं किया, लेकिन घटनाओं का क्रम जरूर फैंस को कहानी का नया एंगल दे गया।

मैच में आखिर किसका चला बल्ला?

मैच की बात करें तो भारत ने पाकिस्तान के सामने 212 रन का लक्ष्य रखा। भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही पाकिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। जवाब में पाकिस्तान की टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और भारत ने मुकाबला 19 रन से अपने नाम कर लिया।इस तरह सैम अयूब का सेलिब्रेशन भले ही मैच के दौरान कुछ सेकंड का पल था, लेकिन मैच खत्म होने के बाद वही पल बड़ी बहस बन गया। अहमद शहजाद के बयान ने इसे और हवा दे दी है। अब सवाल यह है कि क्या सैम अयूब का सेलिब्रेशन सिर्फ एक मजेदार क्रिकेट मोमेंट था या भारत-पाकिस्तान जैसे बड़े मुकाबले में खिलाड़ियों को जश्न मनाने के तरीके का भी ध्यान रखना चाहिए? यही वजह है कि इस घटना पर फैंस की राय भी बंटी हुई नजर आ रही है।