T20 वर्ल्ड कप में संजू सैमसन ने 2 बड़े रिकॉर्ड बनाए। उन्होंने एक संस्करण में सर्वाधिक 24 छक्के जड़े। साथ ही, 5 मैचों में 321 रन बनाकर वे विराट कोहली (319) को पीछे छोड़ते हुए सर्वोच्च भारतीय स्कोरर बन गए।

अहमदाबाद: संजू सैमसन T20 वर्ल्ड कप के एक ही एडिशन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस वर्ल्ड कप में संजू ने सिर्फ पांच मैच खेले और ताबड़तोड़ 24 छक्के जड़ दिए। किसी भी खिलाड़ी ने आज तक एक वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में इतने छक्के नहीं लगाए हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इस लिस्ट में न्यूजीलैंड के फिन एलन 20 छक्कों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। उनके बाद वेस्टइंडीज के शिमरॉन हेटमायर (19), पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान (18) और भारत के ही ईशान किशन (18) का नंबर आता है। खास बात यह है कि इन सभी खिलाड़ियों ने इसी वर्ल्ड कप में यह कारनामा किया है। निकोलस पूरन (17), क्रिस गेल, रहमानुल्लाह गुरबाज (16), मार्लन सैमुअल्स, शेन वॉटसन, ट्रैविस हेड और रोहित शर्मा (15) जैसे बड़े नाम भी अब संजू से पीछे हैं।

विराट कोहली का रिकॉर्ड भी तोड़ा

इतना ही नहीं, संजू सैमसन अब T20 वर्ल्ड कप के एक ही एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी भी बन गए हैं। उन्होंने विराट कोहली का 12 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। संजू ने सिर्फ पांच मैचों में 321 रन बनाए। न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मैच में 46 गेंदों पर 89 रनों की पारी खेलकर उन्होंने कोहली को पीछे छोड़ा। कोहली ने 2014 के वर्ल्ड कप में 319 रन बनाए थे, जो अब तक का रिकॉर्ड था।

दूसरे नंबर पर रहे ईशान किशन

इस वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में संजू पहले नंबर पर हैं। वहीं, नौ मैचों में 317 रन बनाकर ईशान किशन दूसरे स्थान पर रहे। किशन का हाईएस्ट स्कोर 77 रन, औसत 35.22 और स्ट्राइक रेट 193.29 का रहा। उन्होंने तीन हाफ-सेंचुरी भी लगाईं। लेकिन संजू ने सिर्फ पांच पारियों में ही यह कमाल किया। उनका औसत 80.25 और स्ट्राइक रेट 199.37 का रहा। उन्होंने तीन हाफ-सेंचुरी के साथ 24 छक्के भी लगाए। इस लिस्ट में कप्तान सूर्यकुमार यादव तीसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने नौ मैचों में 242 रन बनाए।