10वें T20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल तय हो गए हैं। 4 मार्च को दक्षिण अफ्रीका-न्यूजीलैंड और 5 मार्च को भारत-इंग्लैंड के बीच मुकाबला होगा। फाइनल 8 मार्च को अहमदाबाद में खेला जाएगा, जिसके लिए रिजर्व डे भी है।

मुंबई/कोलकाता: 10वें T20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज और सुपर-8 के मुकाबले खत्म हो गए हैं और अब सेमीफाइनल की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। बुधवार और गुरुवार को दो सेमीफाइनल मैच खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में 20 टीमों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से 16 बाहर हो चुकी हैं। अब सेमीफाइनल में पूर्व चैंपियन भारत और इंग्लैंड के अलावा पूर्व रनर-अप दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें खेलेंगी। 4 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होने वाले पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगी। वहीं, 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत के सामने इंग्लैंड की चुनौती होगी। दो दिन के ब्रेक के बाद 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

--

दोनों सेमीफाइनल और फाइनल के लिए रिजर्व डे

अच्छी बात यह है कि जिन शहरों में सेमीफाइनल और फाइनल होने हैं, वहां फिलहाल बारिश की कोई आशंका नहीं है। फिर भी, अगर बारिश की वजह से मैच में कोई रुकावट आती है, तो इसके लिए रिजर्व डे रखा गया है। अगर तय दिन पर मैच पूरा नहीं हो पाता है, तो अगले दिन खेल वहीं से शुरू होगा जहां रुका था।

--

टूर्नामेंट में सिर्फ दक्षिण अफ्रीका अजेय

इस वर्ल्ड कप में अब तक सिर्फ दक्षिण अफ्रीका ही ऐसी टीम है जिसने कोई मैच नहीं हारा है। टीम ने ग्रुप स्टेज में अपने सभी 4 मैच और सुपर-8 में भी तीनों मैच जीते हैं। वहीं, भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में तो 4 मैच जीते थे, लेकिन सुपर-8 में उसे दक्षिण अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा था। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीमों को ग्रुप स्टेज में ही एक-एक हार मिली थी।

ICC टूर्नामेंट में भारत का 20वां सेमीफाइनल: ऐसा करने वाली दुनिया की पहली टीम

ICC टूर्नामेंट्स के इतिहास में यह 20वां मौका है जब भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंची है। भारत ने वनडे वर्ल्ड कप में 8 बार और चैंपियंस ट्रॉफी में 8 बार सेमीफाइनल खेला है। अब T20 वर्ल्ड कप में टीम छठी बार सेमीफाइनल के लिए तैयार है। ICC टूर्नामेंट्स में सबसे ज्यादा सेमीफाइनल खेलने के मामले में भारत के बाद ऑस्ट्रेलिया (18), न्यूजीलैंड (18), इंग्लैंड (16) और पाकिस्तान (16) का नंबर आता है।

छठी बार: T20 वर्ल्ड कप में भारत और इंग्लैंड, दोनों ही टीमें छठी बार सेमीफाइनल खेल रही हैं। वहीं, न्यूजीलैंड के लिए यह 5वां और दक्षिण अफ्रीका के लिए चौथा सेमीफाइनल होगा।