IPL की एक पारी में सर्वाधिक छक्कों का भारतीय रिकॉर्ड मुरली विजय के नाम है। उन्होंने 2010 में 11 छक्के जड़े थे। वैभव सूर्यवंशी ने भी 11 छक्कों के साथ इस रिकॉर्ड की बराबरी की है। संजू सैमसन 10 छक्कों के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं।
IPL में एक पारी में सबसे ज़्यादा छक्के मारने वाला भारतीय खिलाड़ी कौन है? ये एक ऐसा रिकॉर्ड है जिसे बने हुए करीब डेढ़ दशक हो गए हैं, लेकिन रोहित शर्मा से लेकर वैभव सूर्यवंशी जैसे सिक्स-हिटिंग मशीन भी इसे तोड़ नहीं पाए हैं। हालांकि, एक खिलाड़ी इसकी बराबरी करने में ज़रूर कामयाब रहा है।
एक पारी में 11 छक्के जड़कर मुरली विजय ने बनाया था धुरंधर रिकॉर्ड
ये रिकॉर्ड है चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज बल्लेबाज़ मुरली विजय के नाम। विजय ने यह कारनामा 2010 के IPL एडिशन में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ किया था। उस मैच में इस दाएं हाथ के बल्लेबाज़ ने तूफानी पारी खेलते हुए सिर्फ 56 गेंदों में 127 रन ठोक दिए थे। अपनी इस पारी के दम पर उन्होंने चेन्नई का स्कोर 246 रनों तक पहुंचा दिया था। विजय के बल्ले से उस दिन 11 छक्के निकले थे, जो आज भी एक भारतीय खिलाड़ी द्वारा एक पारी में लगाए गए सबसे ज़्यादा छक्के हैं। उन्होंने 8 चौके भी जड़े थे। चेन्नई ने यह मैच 23 रनों से जीता था और मुरली विजय को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया था।
वैभव सूर्यवंशी के नाम भी है रिकॉर्ड
हालांकि, विजय इस रिकॉर्ड पर अकेले काबिज़ नहीं हैं। उनके साथ 'बॉस बेबी' के नाम से मशहूर वैभव सूर्यवंशी भी हैं। पिछले सीज़न में गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपनी सेंचुरी वाली पारी में वैभव ने भी 11 छक्के जड़े थे। इस लिस्ट में वैभव के बाद संजू सैमसन का नाम आता है। संजू ने 2018 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 10 छक्के लगाए थे। उस मैच में संजू ने सिर्फ 45 गेंदों पर 92 रन बनाए थे।

