Vaibhav Sooryavanshi 40 Runs: UAE के खिलाफ 53 गेंदों में 204 रन बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी श्रीलंका A के खिलाफ सेमीफाइनल में अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 27 गेंदों में 40 रन बनाए और जनिथ लियानागे की गेंद पर आउट हो गए। जानें सेमीफाइनल मुकाबले में वैभव का प्रदर्शन कैसा रहा।

India A vs Sri Lanka A Semi Final: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल में इंडिया A का मुकाबला श्रीलंका A से हो रहा है। इस मैच में सभी की नजरें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर थीं। उन्होंने पिछले मुकाबले में UAE के खिलाफ महज 53 गेंदों में 204 रन की तूफानी पारी खेली थी। हालांकि, श्रीलंका A के खिलाफ वह अपना शानदार प्रदर्शन दोहराने में नाकाम रहे और अर्धशतक लगाने से चूक गए।

27 गेंदों में 40 रन बनाकर आउट हुए वैभव सूर्यवंशी

श्रीलंका A के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक शुरुआत की। उन्होंने 27 गेंदों का सामना करते हुए 40 रन बनाए। हालांकि, वह अपनी पारी को अर्धशतक में नहीं बदल सके। श्रीलंका के गेंदबाज जनिथ लियानागे ने उन्हें आउट कर पवेलियन भेज दिया। वैभव के आउट होने के समय भारत का स्कोर 8 ओवर में 80 रन था। टीम ने अपना पहला विकेट गंवाया था। उस समय अभिषेक शर्मा 31 रन बनाकर नाबाद थे, जबकि कप्तान तिलक वर्मा 1 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।

UAE के खिलाफ खेली थी 204 रन की ऐतिहासिक पारी

वैभव सूर्यवंशी ने इससे पहले UAE के खिलाफ मुकाबले में अपनी बल्लेबाजी से खूब सुर्खियां बटोरी थीं। उन्होंने महज 53 गेंदों में 204 रन ठोक दिए थे। उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत इंडिया A ने शानदार जीत दर्ज की थी। इसी प्रदर्शन के बाद श्रीलंका A के खिलाफ सेमीफाइनल में भी उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही थी। हालांकि, इस बार वह 40 रन बनाकर ही आउट हो गए।

और पढे़ं- वैभव सूर्यवंशी को तत्काल मिले मौका? पूर्व क्रिकेटर ने गौतम गंभीर को क्यों सुनाई खरी-खरी

भारत ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी

दोहा में खेले जा रहे इस सेमीफाइनल मुकाबले में इंडिया A के कप्तान तिलक वर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। श्रीलंका A ने टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया था और ग्रुप स्टेज के अपने तीनों मुकाबले जीते थे। वहीं, भारतीय टीम को ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। अब इंडिया A की कोशिश श्रीलंका A को हराकर फाइनल में जगह बनाने की होगी।