दाम्बुला में इंडिया ए बनाम श्रीलंका ए मैच सुपर ओवर में श्रीलंका ने जीता। मैच के बाद श्रीलंकाई खिलाड़ियों की स्लेजिंग से भड़के भारतीय बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी की उनसे धक्का-मुक्की हो गई।

दाम्बुला: ट्राई-सीरीज़ के एक मैच में इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच जमकर बवाल हो गया। मैच तो श्रीलंका ने सुपर ओवर में जीता, लेकिन इसके बाद मैदान पर जो हुआ, वो खेल भावना के बिल्कुल खिलाफ था। भारत के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंकाई खिलाड़ियों के बीच धक्का-मुक्की तक हो गई। अब इस पूरी घटना की वजह सामने आई है। पता चला है कि श्रीलंकाई खिलाड़ियों की भद्दी स्लेजिंग और तानों की वजह से शांत रहने वाले वैभव अपना आपा खो बैठे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

ये पूरा ड्रामा दाम्बुला के रणगिरि स्टेडियम में हुए मैच के दौरान हुआ। मैच में दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहा। आखिरी गेंद पर श्रीलंका को जीत के लिए दो रन चाहिए थे, लेकिन वे 9 विकेट पर 265 रन ही बना सके। इसके बाद मैच सुपर ओवर में चला गया। सुपर ओवर में श्रीलंका ने पहले बैटिंग करते हुए 18 रन बनाए। भारत को जीत के लिए 19 रन का टारगेट मिला। सूर्यांश शेडगे ने पहली तीन गेंदें खेलीं। जब वैभव सूर्यवंशी स्ट्राइक पर आए, तो भारत को आखिरी तीन गेंदों में 14 रन चाहिए थे।

Scroll to load tweet…

श्रीलंकाई पेसर कुगदास मथुलन की चौथी गेंद यॉर्कर थी, जिस पर वैभव सिर्फ दो रन ही ले पाए। पांचवीं गेंद पर उन्होंने चौका जड़ा। अब आखिरी गेंद पर जीत के लिए आठ रन चाहिए थे। मथुलन ने एक वाइड यॉर्कर फेंकी, जिस पर वैभव कोई रन नहीं बना पाए और भारत मैच हार गया। इसके बाद श्रीलंकाई टीम भारतीय खिलाड़ियों के पास आकर जश्न मनाने लगी।

Scroll to load tweet…

इसी बीच, श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने वैभव और शेडगे पर लगातार फब्तियां कसनी शुरू कर दीं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि श्रीलंकाई खिलाड़ी पवेलियन लौट रहे भारतीय बल्लेबाज़ों का पीछा कर उन्हें उकसा रहे हैं। न्यूज़ एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, एक श्रीलंकाई खिलाड़ी ने राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले वैभव को चिढ़ाते हुए कहा, "यह तेरा IPL नहीं है"। बस यही बात वैभव को चुभ गई। पिछले साल अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने भी वैभव के खिलाफ इन्हीं शब्दों का इस्तेमाल किया था। शुरू में तो वैभव ने इन तानों को नज़रअंदाज़ किया, लेकिन जब श्रीलंकाई खिलाड़ी हद पार करने लगे तो उनका सब्र टूट गया। उन्होंने एक श्रीलंकाई खिलाड़ी को धक्का दे दिया। इसके तुरंत बाद बाकी खिलाड़ियों और अंपायरों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।