15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए CSK के खिलाफ 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय मजाकिया अंदाज में 'राजभोग' को दिया और पावरप्ले में आक्रामक खेलने की रणनीति का खुलासा किया।
Vaibhav Suryavanshi Record: सिर्फ 15 साल की उम्र में इतनी शारीरिक और मानसिक ताकत कहां से आती है? यह सवाल हर कोई पूछ रहा है, क्योंकि वैभव सूर्यवंशी किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शते। पिछले IPL 2025 में धूम मचाने के बाद, इस साल IPL 2026 के पहले ही मैच में उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया।
मैच के बाद उन्होंने अपनी इस विस्फोटक पारी का राज भी खोला। टीम बस में चढ़ते समय वैभव अपने साथी खिलाड़ी ध्रुव जुरेल से मजाक-मस्ती कर रहे थे। इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में ध्रुव, वैभव की तारीफ करते हुए कहते हैं, 'बहुत बढ़िया खेला यार। एक बार फिर तुमने कमाल कर दिया।' यह सुनकर वैभव मुस्कुराए और बोले, 'आज राजभोग खाकर मैच खेलने गया था।'
बर्थडे पर केक नहीं काटा, सोने चले गए!
वैभव ने हाल ही में अपना 15वां जन्मदिन मनाया है। वैभव का बर्थडे IPL में राजस्थान रॉयल्स के पहले मैच से ठीक तीन दिन पहले था। लेकिन उन्होंने इस बार अपना जन्मदिन सादगी से मनाया, यहां तक कि केक भी नहीं काटा। इस बारे में वैभव ने बताया, 'मैंने जन्मदिन पर कुछ खास नहीं किया। केक कटना था, लेकिन मैं जल्दी सो गया ताकि कोई मेरे चेहरे पर केक न लगा दे।'
पावरप्ले में ही ज्यादा रन बनाने का था प्लान
अपनी बैटिंग के बारे में वैभव ने कहा, 'हमारा प्लान पावरप्ले का पूरा फायदा उठाने का था। शुरुआत में विकेट थोड़ा धीमा था और गेंद बल्ले पर ठीक से नहीं आ रही थी। लेकिन जैसे ही गेंद पुरानी हुई, वह बल्ले पर अच्छी तरह आने लगी। मैं डिफेंस के बारे में सोचता हूं, लेकिन आज हमारा प्लान था कि पावरप्ले में ही मैच पर कंट्रोल कर लें। क्योंकि जब आप छोटे टारगेट का पीछा करते हैं, तो पावरप्ले बहुत अहम हो जाता है। अगर बॉलिंग टीम उस समय अच्छा प्रदर्शन कर दे, तो मैच उनकी तरफ जा सकता है। लेकिन हमने पावरप्ले में शानदार खेल दिखाया।' वैभव अगले मैच में भी इसी अंदाज में बैटिंग करना चाहते हैं।


