Virat Kohli Video: भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथे वनडे में गूरनूर बराड़ और टिम साइफर्ट के बीच मैदान पर तीखी बहस देखने को मिली। साइफर्ट को आउट करने के बाद मामला बढ़ा, लेकिन विराट कोहली ने बीच में आकर स्थिति को शांत कराया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
Gurnoor Brar Tim Seifert Clash: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे चौथे वनडे मुकाबले में शुक्रवार को मैदान पर उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब भारतीय तेज गेंदबाज गूरनूर बराड़ और न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज टिम साइफर्ट के बीच तीखी बहस हो गई। दोनों खिलाड़ियों के बीच मैदान पर दो बार कहासुनी देखने को मिली। इस दौरान विराट कोहली ने बीच में आकर मामले को शांत कराया और गूरनूर बराड़ को वहां से हटाया।
साइफर्ट ने जड़ा चौका, 39 गेंदों में पूरा किया अर्धशतक
दरअसल, मुकाबले की शुरुआत में गूरनूर बराड़ की गेंद पर टिम साइफर्ट ने शानदार चौका जड़ा था। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ कहासुनी हुई। हालांकि, साइफर्ट ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और महज 39 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। उनकी बल्लेबाजी ने भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया। उन्होंने भारत के खिलाफ चौथे वनडे में 58 रनों की पारी खेली।
विकेट लेने के बाद फिर भिड़े दोनों खिलाड़ी
हालांकि, साइफर्ट अपनी पारी को ज्यादा आगे नहीं बढ़ा सके। अर्धशतक पूरा करने के कुछ ही समय बाद गूरनूर बराड़ ने उन्हें पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। साइफर्ट को आउट करने के बाद बराड़ उनके पास पहुंचे और दोनों के बीच एक बार फिर बहस शुरू हो गई। मामला बढ़ता देख विराट कोहली ने तुरंत बचाव किया और बराड़ को वहां से हटाकर स्थिति को संभालने की कोशिश की।
विराट कोहली के बदले अंदाज ने दिलाई पुराने दिनों की याद
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया। मैदान पर कोहली का यह अंदाज देखकर क्रिकेट फैंस को उनके पुराने दिन याद आ गए, जब वह खुद विपक्षी खिलाड़ियों के साथ मैदान पर कई बार भिड़ते नजर आते थे। खासकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबलों में कोहली की आक्रामकता अक्सर सुर्खियों में रहती थी। उस समय उनके साथी खिलाड़ी उन्हें शांत कराने के लिए आगे आते थे।
अब युवा खिलाड़ी को शांत कराते नजर आए कोहली
हालांकि, इस बार तस्वीर कुछ अलग थी। अब एक अनुभवी खिलाड़ी के रूप में विराट कोहली युवा गेंदबाज को संयम बरतने की सलाह देते नजर आए। वहीं, गूरनूर बराड़ के लिए यह सीरीज शानदार रही है। उन्होंने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया है और भारत के लिए विकेट लेने वाले अहम गेंदबाज के रूप में उभर रहे हैं।












