India vs New Zealand: टीम इंडिया को लंबे समय से जसप्रीत बुमराह के विकल्प की तलाश रही है। अब न्यूजीलैंड दौरे में भारत की वो कमी पूरी होती दिख रही है। आखिर कौन है वो गेंदबाज, जो नहीं खलने दे रहा बुमराह की कमी?

Gurnoor Brar: 2027 क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए तेज गेंदबाजों के बीच तगड़ा कॉम्पिटीशन देखने को मिल रहा है। इसी बीच, न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही वनडे सीरीज पंजाब के 26 वर्षीय तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ के लिए काफी शानदार साबित हो रही है। गुरनूर ने सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए कुल 7 विकेट अपने नाम किए हैं। इसमें दूसरे वनडे मैच में लिए गए 4 विकेट भी शामिल हैं। बरार के इस प्रदर्शन के बाद माना जा रहा है कि टीम इंडिया को जसप्रीत बुमराह का विकल्प मिल गया है।

गुरनूर बराड़ ने अब तक भारत के लिए केवल 11 वनडे मैच खेले हैं, जिनमें उनके नाम 21 विकेट दर्ज हो चुके हैं। जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में गुरनूर भारतीय टीम के भरोसेमंद तेज गेंदबाज के रूप में उभर रहे हैं। उनके प्रदर्शन को देखते हुए 2027 वर्ल्ड कप के लिए टीम में जगह बनाने की उनकी दावेदारी मजबूत हो सकती है।

गुरनूर बराड़ गौतम गंभीर को क्यों पसंद?

  • न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में गुरनूर बराड़ ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने अपने 10 ओवर में केवल 30 रन खर्च किए और 4 विकेट हासिल किए। उनके इस प्रदर्शन की पूर्व भारतीय क्रिकेटर मुरली कार्तिक ने जमकर तारीफ की।
  • 'स्पोर्ट्सकीड़ा' की रिपोर्ट के मुताबिक, 'क्रिकबज' पर बातचीत करते हुए मुरली कार्तिक ने बताया कि गुरनूर के खेल में आक्रामकता दिखाई देती है। यही वजह है कि भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर उन्हें पसंद करते हैं।
  • कार्तिक ने कहा, “गुरनूर बराड़ के खेल में वह आक्रामकता देखकर अच्छा लगा, क्योंकि हमें ऐसे ही खिलाड़ी की तलाश है। यही एक कारण है कि गौतम उन्हें पसंद करते हैं।”
  • उन्होंने आगे गुरनूर की गेंदबाजी की तारीफ करते हुए कहा, “वह काफी भारी गेंद डालते हैं। वह बल्लेबाजों की पसलियों के पास खतरनाक गेंदें फेंकते हैं, चाहे बल्लेबाज विदेशी ही क्यों न हों। आपने देखा ही होगा कि उन्होंने कितने बल्लेबाजों को अपनी गेंदों से चोट पहुंचाई है।”
  • मुरली कार्तिक के मुताबिक, गुरनूर की यह आक्रामक गेंदबाजी भारतीय टीम के लिए एक पॉजिटिव साइन है। खासकर तब, जब कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज जैसे दो अनुभवी खिलाड़ी अभी भी बेंच पर बैठे हैं।

जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में गुरनूर-अर्शदीप पर जिम्मेदारी

  • न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी वनडे सीरीज में जसप्रीत बुमराह भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं। इसके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा भी टीम से बाहर हैं। ऐसे में न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी गुरनूर बराड़ और अर्शदीप सिंह के कंधों पर है।
  • गुरनूर ने शुरुआती दो मैचों में जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उससे टीम को काफी राहत मिली है। उनकी तेज और आक्रामक गेंदबाजी भारतीय टीम के लिए अहम साबित हो रही है।
  • 2027 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम मैनेजमेंट तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन पर नजर रख रहा है। ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ गुरनूर का शानदार प्रदर्शन उनके लिए टीम में अपनी जगह मजबूत करने का अच्छा मौका है।

मुरली कार्तिक ने आकिब नबी-गुरनूर बराड़ को लेकर क्या कहा?

  • मुरली कार्तिक का मानना है कि भारत की सपाट पिचों पर लगातार गेंदबाजी करने के बाद गुरनूर बराड़ और आकिब नबी जैसे युवा गेंदबाजों को न्यूजीलैंड में गेंदबाजी के लिए मददगार परिस्थितियां मिलना उनके आत्मविश्वास को बढ़ा सकता है।
  • कार्तिक ने कहा, “आकिब नबी और गुरनूर बराड़ जैसे खिलाड़ियों को अपने डेब्यू के बाद से अब तक बहुत ही आसान और सपाट पिचें मिली हैं। सच कहूं तो, उनके लिए बुरा लगता है। यह तो बिल्कुल बेरहम है।”
  • उन्होंने आगे कहा, “आप खेल खेलने आते हैं क्योंकि आप इसका और इससे जुड़ी चुनौतियों का आनंद लेना चाहते हैं। लेकिन यह तो एकतरफा है। गेंदबाजों को तो ऐसा ही लगता है। कभी-कभी कमेंट्री बॉक्स में बैठे-बैठे भी बहुत बुरा लगता है। लेकिन अच्छी बात यह है कि कुछ ऐसी परिस्थितियां बनीं जो उनके पक्ष में रहीं।”
  • कार्तिक के बयान से साफ है कि गेंदबाजों को हमेशा बल्लेबाजों के अनुकूल पिचों पर खेलने से मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जब उन्हें गेंदबाजी के लिए मददगार परिस्थितियां मिलती हैं, तो उनके प्रदर्शन और आत्मविश्वास में सुधार हो सकता है।

आकिब नबी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ हासिल किए पहले 2 वनडे विकेट

  • न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में आकिब नबी ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने इस मुकाबले में अपने वनडे करियर के शुरुआती दो विकेट हासिल किए।
  • इससे पहले भारत के लिए खेले गए अपने शुरुआती दो वनडे मैचों में आकिब नबी को कोई विकेट नहीं मिला था। ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में विकेट हासिल करना उनके लिए एक अहम उपलब्धि रही।
  • गुरनूर बराड़ और आकिब नबी दोनों के लिए न्यूजीलैंड की परिस्थितियां फायदेमंद साबित हो रही हैं। भारतीय टीम के लिए यह एक सकारात्मक संकेत है, क्योंकि 2027 वर्ल्ड कप से पहले तेज गेंदबाजी के विकल्प मजबूत करना बेहद जरूरी होगा।