Who is Priya Saroj: KKR स्टार रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिय सरोज 4 दिसंबर 2026 को लखनऊ में शादी करेंगे। जानिए कौन हैं प्रिय सरोज, उनकी शिक्षा, राजनीतिक सफर और रिंकू सिंह के साथ उनकी लव स्टोरी।

Rinku Singh Wedding: भारतीय क्रिकेट टीम और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। रिंकू सिंह समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिय सरोज के साथ 4 दिसंबर 2026 को सात फेरे लेने जा रहे हैं। दोनों की शादी उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रामाडा होटल में होगी। क्रिकेट और राजनीति से जुड़े इन दो चर्चित चेहरों की शादी को लेकर फैंस के बीच काफी उत्सुकता है। रिंकू सिंह ने क्रिकेट के मैदान पर अपनी अलग पहचान बनाई है, तो वहीं प्रिय सरोज ने महज 25 साल की उम्र में लोकसभा चुनाव जीतकर राजनीति में अपनी मजबूत जगह बनाई। ऐसे में आइए जानते हैं कि आखिर प्रिय सरोज कौन हैं, उनकी पढ़ाई कितनी हुई है और रिंकू सिंह के साथ उनकी लव स्टोरी कैसे शुरू हुई?

कौन हैं प्रिय सरोज?

प्रिय सरोज का जन्म 23 नवंबर 1998 को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में हुआ था। वह समाजवादी पार्टी की नेता और मछलीशहर लोकसभा सीट से सांसद हैं। 27 वर्षीय प्रिय सरोज देश की सबसे युवा सांसदों में शामिल हैं। प्रिय सरोज का परिवार पहले से ही राजनीति से जुड़ा हुआ है। उनके पिता तूफानी सरोज तीन बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं। फिलहाल वह समाजवादी पार्टी के विधायक हैं और उत्तर प्रदेश की केराकत विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।

View post on Instagram
 

और पढ़ें- Rinku Singh Luxury Life: अलीगढ़ के लड़के की कहानी, जानें कितनी है रिंकू सिंह की नेट वर्थ

कितनी पढ़ी-लिखी हैं प्रिय सरोज?

प्रिय सरोज ने अपनी शुरुआती पढ़ाई दिल्ली के एयर फोर्स गोल्डन जुबली इंस्टीट्यूट से पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया। फिर नोएडा की एमिटी यूनिवर्सिटी से साल 2022 में कानून (LLB) की डिग्री हासिल की। राजनीति में आने से पहले प्रिय सरोज सुप्रीम कोर्ट में वकालत भी कर चुकी हैं। कोरोना महामारी के दौरान वह न्यायिक सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। हालांकि, बाद में उन्होंने राजनीति में कदम रखने का फैसला किया।

View post on Instagram
 

कैसे शुरू हुआ प्रिय सरोज का राजनीतिक सफर?

प्रिय सरोज ने साल 2024 के लोकसभा चुनाव में पहली बार चुनाव लड़ा। समाजवादी पार्टी ने उन्हें उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट से टिकट दिया था। इस चुनाव में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा सांसद बीपी सरोज को 35,850 वोटों के अंतर से हराया। महज 25 साल की उम्र में लोकसभा चुनाव जीतकर वह 18वीं लोकसभा की सबसे युवा सांसदों में शामिल हो गईं। उन्होंने 9 जून 2024 को सांसद के रूप में अपना कार्यकाल शुरू किया।

View post on Instagram
 

कैसे शुरू हुई रिंकू सिंह और प्रिय सरोज की लव स्टोरी?

रिंकू सिंह और प्रिय सरोज की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। प्रिय के पिता तूफानी सरोज के मुताबिक, उनकी बेटी की एक दोस्त, जिसके पिता क्रिकेट से जुड़े थे, ने दोनों को मिलवाने में अहम भूमिका निभाई। रिंकू सिंह ने भी बताया था कि उन्होंने पहली बार प्रिय सरोज को सोशल मीडिया के एक फैन पेज पर देखा था। बाद में उन्होंने प्रिय की ओर से अपनी तस्वीरों को लाइक किए जाने पर उनसे संपर्क किया। धीरे-धीरे दोनों की बातचीत बढ़ी और यह रिश्ता प्यार में बदल गया।

View post on Instagram
 

कब हुई थी रिंकू सिंह और प्रिय सरोज की सगाई?

रिंकू सिंह और प्रिय सरोज ने 8 जून 2025 को लखनऊ के द सेंट्रम होटल में सगाई की थी। इस समारोह में क्रिकेट और राजनीति जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुई थीं। अब दोनों की शादी की तारीख 4 दिसंबर 2026 तय की गई है। शादी का आयोजन लखनऊ के रामाडा होटल में होगा। क्रिकेट और राजनीति के इस चर्चित जोड़े की शादी का उनके परिवारों के साथ-साथ फैंस को भी बेसब्री से इंतजार है।