IND vs ENG ODI Yesterday Match Result: भारत-इंग्लैंड तीसरे वनडे मुकाबले में कल का मैच कौन जीता, मैच का पूरा रिजल्ट, रोहित शर्मा की सेंचुरी, अहम लम्ंहे और हाइलाइट्स यहां जानें।

India vs England 3rd ODI Result: लॉर्ड्स के मैदान पर रविवार को खेला गया भारत और इंग्लैंड का आखिरी वनडे मैच साँसें रोक देने वाला रहा। रोहित शर्मा ने 138 रनों की तूफानी पारी खेली, विराट कोहली और शुभमन गिल ने भी शानदार हाफ सेंचुरी लगाई, लेकिन फिर भी टीम इंडिया यह मैच 27 रन से हार गई। इस हार के साथ ही इंग्लैंड ने 3 मैचों की यह वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है। आइए जानते हैं कि कल के मैच में क्या-क्या हुआ, भारत से कहाँ चूक हुई और इंग्लैंड कैसे जीता...

इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को जमकर धोया

मैच में पहले बैटिंग करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खतरनाक रही। इंग्लैंड के ओपनर्स बेन डकेट (141 रन) और जैकब बेथेल (91 रन) ने मिलकर पहले विकेट के लिए ही 192 रन जोड़ दिए। इन दोनों के आउट होने के बाद जो रूट (74 रन) और जोस बटलर (41 रन) ने आखिरी के ओवरों में ताबड़तोड़ शॉट लगाए। इंग्लैंड ने आखिरी 19 गेंदों में 63 रन कूट डाले। इस तरह इंग्लैंड ने 50 ओवर में 3 विकेट खोकर 387 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर बना दिया, जो भारत के खिलाफ उनका अब तक का सबसे बड़ा वनडे स्कोर है। भारत की तरफ से प्रसिद्ध कृष्णा को 2 और प्रिंस यादव को 1 विकेट मिला।

रोहित शर्मा का धमाकेदार शतक, लेकिन नहीं मिला दूसरों का साथ

388 रनों के बेहद मुश्किल टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने बेहतरीन शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 147 रन जोड़े। शुभमन गिल 77 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रोहित शर्मा ने विराट कोहली के साथ मिलकर मोर्चा संभाला। रोहित ने अपनी 138 रनों की जांबाज पारी में 17 चौके और 5 छक्के लगाए। विराट कोहली ने भी 74 रनों की बढ़िया पारी खेली। एक समय लग रहा था कि भारत यह मैच आसानी से जीत जाएगा, लेकिन इन तीनों के आउट होते ही टीम इंडिया की पारी लड़खड़ा गई। आखिरी के बल्लेबाजों ने रन तो बनाए लेकिन वो जीत के लिए काफी नहीं थे। पूरी टीम 50 ओवर में 7 विकेट पर 360 रन ही बना सकी। इंग्लैंड के गेंदबाज सैम करन ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लेकर भारतीय मिडिल ऑर्डर की कमर तोड़ दी।

भारत-इंग्लैंड मैच के बाद दोनों कप्तानों ने क्या कहा?

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने मैच के बाद कहा, 'हमने आखिरी के ओवरों में बहुत ज्यादा रन लुटा दिए, मैच वहीं हमारे हाथ से निकल गया। हमने पावरप्ले में भी अच्छी बॉलिंग नहीं की। हालांकि, अच्छी बात यह रही कि सीरीज में हमारे लगभग सभी बल्लेबाजों ने रन बनाए। रोहित भाई ने आज जैसी बैटिंग की, उन्हें देखना एक अलग ही मजा था।' वहीं, इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने कहा, 'मुझे अपनी टीम पर बहुत गर्व है। हमने दुनिया की नंबर 1 टीम के खिलाफ कड़ी टक्कर दी और सीरीज जीती। बेन डकेट और जैकब बेथेल ने कमाल की शुरुआत की, फिर रूट और बटलर ने मैच को फिनिश किया। गेंदबाजों ने भी सही समय पर विकेट निकाले।'