इंग्लैंड-वेल्स में ICC महिला T20 वर्ल्ड कप शुरू, जिसमें भारत समेत 12 टीमें हैं। पहला खिताब जीतने के लक्ष्य से भारत का पहला मैच 14 जून को पाकिस्तान से है। टूर्नामेंट का फाइनल 5 जुलाई को लॉर्ड्स में होगा।
बर्मिंघम: फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप के शोर के बीच, ICC महिला T20 वर्ल्ड कप का 10वां सीजन शुक्रवार से शुरू हो रहा है। इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी इंग्लैंड और वेल्स मिलकर कर रहे हैं। इसमें भारत समेत कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। यह टूर्नामेंट हर 2 साल में होता है। इस बार दोनों देशों के 7 स्टेडियमों में कुल 33 मैच खेले जाएंगे। फाइनल 5 जुलाई को ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर होगा। 2009 की चैंपियन इंग्लैंड 17 साल बाद फिर से खिताब जीतना चाहेगी, वहीं ऑस्ट्रेलिया की नजरें रिकॉर्ड 7वीं ट्रॉफी पर हैं। न्यूजीलैंड डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर उतरेगी, जबकि वनडे वर्ल्ड कप की मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम अपना पहला T20 वर्ल्ड कप जीतने के लिए जोर लगाएगी।

टूर्नामेंट का फॉर्मेट कैसा है?
टूर्नामेंट में 12 टीमों को 6-6 के दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप 'ए' में भारत, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, नीदरलैंड्स, दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश हैं। वहीं, ग्रुप 'बी' में मेजबान इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, आयरलैंड, स्कॉटलैंड और वेस्टइंडीज की टीमें हैं। ग्रुप स्टेज में हर टीम बाकी टीमों से एक-एक बार खेलेगी, यानी हर टीम को 5 मैच मिलेंगे। दोनों ग्रुप से टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी और वहां जीतने वाली टीमें फाइनल खेलेंगी।
05 मैच: ग्रुप स्टेज में हर टीम 5 मैच खेलेगी।
24 दिन: यह महिला वर्ल्ड कप कुल 24 दिनों तक चलेगा।
मैच कहां देख सकते हैं?
भारत में सभी मैच स्टार स्पोर्ट्स चैनल और जियो हॉटस्टार ऐप पर लाइव देखे जा सकते हैं। भारत के सभी मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होंगे।
विजेता टीम को मिलेंगे 22.4 करोड़ रुपए
इस बार ICC ने महिला वर्ल्ड कप के लिए कुल 83.93 करोड़ रुपए की प्राइज मनी की घोषणा की है, जो पिछली बार से 10% ज्यादा है। चैंपियन बनने वाली टीम को 22.4 करोड़ रुपए मिलेंगे, जबकि रनर-अप टीम को 11.2 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को 6.46-6.46 करोड़ रुपए मिलेंगे। इसके अलावा, ग्रुप स्टेज का हर मैच जीतने पर टीम को 29 लाख रुपए मिलेंगे।
--
पिछले चैंपियंस
साल - विजेता - रनर-अप
2009 - इंग्लैंड - न्यूजीलैंड
2010 - ऑस्ट्रेलिया - न्यूजीलैंड
2012 - ऑस्ट्रेलिया - इंग्लैंड
2014 - ऑस्ट्रेलिया - इंग्लैंड
2016 - वेस्टइंडीज - ऑस्ट्रेलिया
2018 - ऑस्ट्रेलिया - इंग्लैंड
2020 - ऑस्ट्रेलिया - भारत
2023 - ऑस्ट्रेलिया - द. अफ्रीका
2024 - न्यूजीलैंड - द. अफ्रीका
--
भारत का पहला मुकाबला पाकिस्तान से
बर्मिंघम: पहला खिताब जीतने की कोशिश में लगी भारतीय टीम टूर्नामेंट में अपना पहला मैच अपने सबसे बड़े विरोधी पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। यह हाई-वोल्टेज मैच 14 जून को बर्मिंघम में खेला जाएगा।
इस बार भी टीम की कमान हरमनप्रीत कौर संभाल रही हैं। टीम में स्मृति मंधाना, जेमिमा, शेफाली वर्मा और ऋचा घोष जैसे बड़े खिलाड़ी हैं। कर्नाटक की श्रेयांका पाटिल भी टीम का हिस्सा हैं।
2024 T20 वर्ल्ड कप के बाद से भारतीय टीम ने 24 T20 मैच खेले हैं, जिनमें से 14 में जीत हासिल की है। T20 फॉर्मेट में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है, लेकिन फिर भी उसे खिताब जीतने के दावेदारों में गिना जा रहा है। पिछले वनडे वर्ल्ड कप की तरह इस बार भी टीम ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड को टक्कर देकर कप जीतना चाहेगी। हालांकि, ग्रुप स्टेज में ही टीम के सामने कड़ी चुनौती होगी। पाकिस्तान से मैच के बाद भारत 17 जून को नीदरलैंड्स, 21 जून को दक्षिण अफ्रीका, 25 जून को बांग्लादेश और 28 जून को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा।
भारत के मैच (ग्रुप स्टेज)
विरोधी - तारीख - जगह
पाकिस्तान - 14 जून - बर्मिंघम
नीदरलैंड्स - 17 जून - लीड्स
दक्षिण अफ्रीका - 21 जून - मैनचेस्टर
बांग्लादेश - 25 जून - मैनचेस्टर
ऑस्ट्रेलिया - 28 जून - लॉर्ड्स
