India Afghanistan Match: एक छोटे ब्रेक के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में लौट रहे जसप्रीत बुमराह भारतीय बॉलिंग को मजबूती देंगे. लेकिन अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान का कहना है कि वे बुमराह को बहुत आसानी से खेल लेंगे. उन्होंने यह भी बताया कि उनकी टीम ने इसके लिए खास तैयारी की है.
IND vs AFG first T20: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की T20 सीरीज का पहला मुकाबला आज नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले अफगानिस्तान की टीम ने भारतीय खेमे के दो खिलाड़ियों पर खास नजरें टिकाई हैं। ये दो नाम हैं जसप्रीत बुमराह और वैभव सूर्यवंशी। अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने संकेत दिया है कि उनकी टीम ने दोनों खिलाड़ियों से निपटने के लिए खास रणनीति तैयार की है।
बुमराह की वापसी, अफगानिस्तान ने बनाया खास प्लान
एक छोटे ब्रेक के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी कर रहे जसप्रीत बुमराह से भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है। हालांकि, अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने कहा है कि उनकी टीम बुमराह का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
जादरान के बयान से साफ है कि अफगानिस्तान ने बुमराह की गेंदबाजी को समझने और उनके खिलाफ रणनीति बनाने पर काफी काम किया है। भारत के लिए बुमराह की वापसी जितनी बड़ी खबर है, उतनी ही बड़ी चुनौती अफगान बल्लेबाजों के लिए उनका सामना करना भी होगा।
वैभव सूर्यवंशी पर भी अफगानिस्तान की पैनी नजर
महज 15 साल की उम्र में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोर रहे वैभव सूर्यवंशी अफगानिस्तान के रडार पर हैं। इब्राहिम जादरान ने बताया कि उनकी टीम ने वैभव के वीडियो देखे हैं और उनकी बल्लेबाजी को लेकर पूरा होमवर्क किया है।
इसके अलावा IPL में वैभव के खिलाफ गेंदबाजी कर चुके खिलाड़ियों से भी जानकारी जुटाई गई है। जादरान ने युवा भारतीय बल्लेबाज की तारीफ करते हुए उन्हें असाधारण प्रतिभा बताया। ऐसे में अगर वैभव को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है, तो उनके प्रदर्शन पर खास नजर रहेगी।
राशिद से कप्तानी मिलने के बाद नई शुरुआत करना चाहते हैं जादरान
अफगानिस्तान ने टी20 कप्तानी की जिम्मेदारी राशिद खान से इब्राहिम जादरान को सौंपी है। टी20 वर्ल्ड कप में टीम के जल्दी बाहर होने के बाद जादरान भारत के खिलाफ इस सीरीज को अपनी टीम के लिए एक बड़े मौके के तौर पर देख रहे हैं।
जादरान ने राशिद खान के साथ अपने अच्छे रिश्तों का भी जिक्र किया। उनका मानना है कि राशिद का अनुभव उनकी कप्तानी में काफी मददगार साबित होगा। भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ सीरीज अफगानिस्तान के लिए खुद को साबित करने का अच्छा मौका है।
गंभीर ने वैभव को बुमराह के सामने कराया लंबा अभ्यास
भारत के शुक्रवार के अभ्यास सत्र में वैभव सूर्यवंशी ने काफी देर तक बल्लेबाजी की। मुख्य कोच गौतम गंभीर ने युवा बल्लेबाज को जसप्रीत बुमराह जैसे तेज गेंदबाजों के खिलाफ लंबे समय तक अभ्यास कराया।
इससे संकेत मिला कि टीम मैनेजमेंट वैभव को लेकर गंभीर है और उन्हें मैच के लिए तैयार करने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता। हालांकि, प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह अभी टीम संयोजन पर निर्भर करेगी।
ईशान किशन की चोट से संजू सैमसन की उम्मीद जगी
पहले मुकाबले से पहले विकेटकीपर बल्लेबाज के चयन को लेकर भी स्थिति दिलचस्प हो गई है। अभ्यास के दौरान ईशान किशन के चोटिल होने के बाद संजू सैमसन की प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की संभावना बढ़ गई है।
अगर ईशान को पहले T20 के लिए आराम दिया जाता है, तो संजू सैमसन को विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर मौका मिल सकता है। ऐसे में भारतीय टीम की अंतिम प्लेइंग इलेवन का ऐलान मुकाबले से पहले सबसे बड़ा आकर्षण रहेगा।
कब और कहां होगा भारत-अफगानिस्तान पहला T20?
भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला T20 मुकाबला नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच रात 7:30 बजे शुरू होगा। मुकाबले का लाइव टेलीकास्ट सोनी टेन चैनलों पर किया जाएगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग फैनकोड ऐप पर उपलब्ध होगी।
