Argentina vs England: अर्जेंटीना और इंग्लैंड की फुटबॉल प्रतिद्वंद्विता 40 साल से भी पुरानी है। जानिए 'हैंड ऑफ गॉड' गोल, डेविड बेकहम के रेड कार्ड और दोनों टीमों के ऐतिहासिक मुकाबलों की पूरी कहानी।
Argentina England Rivalry: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में अर्जेंटीना और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला सिर्फ दो मजबूत टीमों के बीच नहीं, बल्कि फुटबॉल की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विताओं में से एक माना जाता है। दोनों देशों के बीच पिछले चार दशकों से चली आ रही यह टक्कर आज भी फुटबॉल प्रेमियों के लिए बेहद खास है। खासकर 1986 वर्ल्ड कप में डिएगो माराडोना का मशहूर 'हैंड ऑफ गॉड' गोल आज भी फुटबॉल इतिहास के सबसे फेमस पलों में शामिल है।
अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच रही है कांटे की टक्कर
- अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच पहला अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मुकाबला 1962 में खेला गया था, जिसमें इंग्लैंड ने 3-1 से जीत दर्ज की थी।
- इसके बाद 1966 फीफा वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर बाहर कर दिया।
- 1986 वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना ने 2-1 से जीत हासिल कर पुराना हिसाब बराबर किया। इसी मुकाबले में डिएगो माराडोना ने एक गोल हाथ से किया, जिसे बाद में उन्होंने 'हैंड ऑफ गॉड' नाम दिया। इसी मैच में उन्होंने शानदार सोलो रन के बाद 'गोल ऑफ द सेंचुरी' भी दागा, जिसे फुटबॉल इतिहास के महान गोलों में गिना जाता है।
- 1998 वर्ल्ड कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना ने पेनल्टी शूटआउट में जीत दर्ज की। वहीं, 2002 वर्ल्ड कप में डेविड बेकहम के फ्री-किक गोल की बदौलत इंग्लैंड ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराया।
- अब तक फीफा वर्ल्ड कप में दोनों टीमें 5 बार आमने-सामने आ चुकी हैं, जहां दोनों इंग्लैंड को 3 बार और अर्जेंटीना को 2 बार जीत मिली है।
और पढे़ं- FIFA WC: अर्जेंटीना से भिड़ने को तैयार इंग्लैंड, कप्तान केन ने कहा- सब कुछ झोंक देंगे
आज भी याद किए जाते हैं ये ऐतिहासिक पल
अर्जेंटीना और इंग्लैंड की प्रतिद्वंद्विता सिर्फ स्कोर तक सीमित नहीं रही। 1986 का 'हैंड ऑफ गॉड' गोल, माराडोना का 'गोल ऑफ द सेंचुरी', 1998 में डेविड बेकहम का रेड कार्ड और 2002 में बेकहम की मैच जिताऊ फ्री-किक जैसे कई पल आज भी फुटबॉल इतिहास का अहम हिस्सा हैं।
एक बार फिर होगी रोमांचक जंग
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में दोनों टीमें शानदार फॉर्म में हैं। अर्जेंटीना को लियोनेल मेसी से बड़ी उम्मीदें हैं, जबकि इंग्लैंड की नजर हैरी केन और जूड बेलिंगहम पर रहेगी। जो भी टीम यह मुकाबला जीतेगी, वह 20 जुलाई को होने वाले फाइनल में स्पेन से खिताब के लिए भिड़ेगी। ऐसे में दुनिया भर के फुटबॉल फैंस की नजरें इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी होंगी।
फीफा को लेकर सर्च किए जाने वाले सवाल
1. 'हैंड ऑफ गॉड' गोल किसने किया था?
अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर डिएगो माराडोना ने 1986 फीफा वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ यह मशहूर गोल किया था।
2. अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच फुटबॉल राइवलरी क्यों मशहूर है?
माराडोना का 'हैंड ऑफ गॉड', बेकहम का रेड कार्ड और कई यादगार घटनाओं ने इस राइवलरी को खास बनाया है।
3. फीफा वर्ल्ड कप 2026 सेमीफाइनल जीतने वाली टीम किससे फाइनल खेलेगी?
अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल जीतने वाली टीम स्पेन के खिलाफ फाइनल मुकाबला खेलेगी।
