एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 27 पदक जीतकर भारत तीसरे स्थान पर रहा। 37 मेडल जीतकर जापान पहले और चीन (22 मेडल) दूसरे स्थान पर रहा। भारत ने एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी की।
बैंकाक। थाईलैंड में आयोजित एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप (Asian Athletics Championships) में 27 पदकों को अपने नाम कर भारत तीसरे स्थान पर आया है। जापान पहले और चीन दूसरे स्थान पर रहा। 37 मेडल जीतकर जापान ने टॉप किया। इनमें 16 गोल्ड थे। चीन ने 22 मेडल जीते, जिनमें 8 गोल्ड थे। भारत ने 6 गोल्ड, 12 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल जीते। चैंपियनशिप के अंतिम दिन भारत ने 13 पदक जीते, जिसमें आठ रजत और पांच कांस्य पदक शामिल थे।
भारत ने पदकों की संख्या के मामले में थाईलैंड के सुफाचलसाई नेशनल स्टेडियम में आयोजित एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी कर ली। भारतीय एथलीटों ने भुवनेश्वर 2017 में भी नौ स्वर्ण सहित 27 पदक जीते थे। एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन चार साल बाद किया गया। चीन के हांगझू में 2021 में होने वाले एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप को COVID-19 के कारण रद्द कर दिया गया था।

एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता
- ज्योति याराजी-महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़
- अब्दुल्ला अबूबैकर- पुरुषों की ट्रिपल जंप
- पारुल चौधरी - महिला 3000मी
- अजय कुमार सरोज - पुरुष 1500मी
- तजिंदरपाल सिंह तूर - पुरुष शॉट पुट
- मिश्रित 4x400 मीटर रिले टीम
एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक विजेता
- शैली सिंह- महिला लंबी कूद
- अनिल सर्वेश कुशारे- पुरूष ऊंची कूद
- मुरली श्रीशंकर- पुरुषों की लंबी कूद
- स्वप्ना बर्मन- हेप्टाथलॉन
- प्रियंका गोस्वामी- महिलाओं की 20 किमी रेस वॉक
- चंदा- महिला 800 मीटर
- पारुल चौधरी- महिला 5000 मीटर
- कृष्ण कुमार- पुरुष 800 मीटर
- आभा खटुआ- महिला शॉटपुट
- डीपी मनु- पुरुषों की भाला फेंक
- ज्योति याराजी- महिला 200 मीटर
- अमोज जैकब, मुहम्मद अजमल, मिजो चाको कुरियन, राजेश रमेश- पुरुष 4x400 मीटर रिले
एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक विजेता
- अभिषेक पाल-पुरुषों की 10000 मीटर
- ऐश्वर्या मिश्रा- महिला 400 मीटर
- तेजस्विन शंकर- पुरुष डिकैथलॉन
- संतोष कुमार- पुरुषों की 400 मीटर बाधा दौड़
- विकाश सिंह- पुरुषों की 20 किमी रेस वॉक
- अंकिता- महिला 5000 मीटर
- मनप्रीत कौर- महिला शॉटपुट
- गुलवीर सिंह- पुरुषों की 5000 मीटर
- रेजोआना मलिक हीना, ऐश्वर्या मिश्रा, ज्योतिका श्री दांडी, सुभा वेंकटेशन- महिलाओं की 4x400 मीटर रिले














