Who is Deepthi Jeevanji: दीप्ति जीवनजी कौन हैं, जिन्होंने एशियन पैरा गेम्स 2026 में 400 मीटर T20 दौड़ में गोल्ड मेडल जीता? जानिए तेलंगाना की इस पैरा एथलीट के संघर्ष, बचपन, खेल करियर और शानदार उपलब्धि की पूरी कहानी।
Deepthi Jeevanji Gold Medal: जापान के आइची-नागोया में एशियन पैरा गेम्स 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। खेलों के दूसरे दिन भारतीय पैरा एथलीट दीप्ति जीवनजी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने महिलाओं की 400 मीटर T20 कैटगिरी में 56.36 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने गेम्स रिकॉर्ड भी बनाया। दीप्ति के लिए यह बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि उनका बचपन कई मुश्किलों में बीता। आज उनकी सफलता पूरे देश के लिए गर्व की बात है।
कभी जानवरों से की जाती थी दीप्ति की तुलना
दीप्ति जीवनजी का बचपन काफी संघर्षों में बीता। उनका जन्म तेलंगाना के वारंगल जिले के कल्लेड़ा गांव में हुआ था। उनके माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी करके परिवार चलाते थे। दीप्ति को बचपन से ही इंटेलेक्चुअल डिसेबिलिटी थी। उनके जन्म के समय सिर और चेहरे की बनावट अलग होने के कारण गांव के कुछ लोग और रिश्तेदार उनका मजाक उड़ाते थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ लोग उनकी तुलना जानवरों से भी करते थे। कुछ लोगों ने उनके माता-पिता को सलाह दी थी कि वे अपनी बेटी को अनाथालय में छोड़ दें। लेकिन उनके माता-पिता ने ऐसा नहीं किया। आर्थिक परेशानियों के बावजूद उन्होंने दीप्ति की परवरिश की और हमेशा उनका साथ दिया। परिवार के इसी सहयोग ने उन्हें आगे बढ़ने का हौसला दिया।
नौवीं कक्षा में शुरू की दौड़
दीप्ति की जिंदगी में बड़ा बदलाव तब आया, जब उनके स्कूल के शारीरिक शिक्षा शिक्षक बियानी वेंकटेश्वरलू ने उनकी दौड़ने की प्रतिभा को पहचाना। उन्होंने दीप्ति को खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। दीप्ति ने नौवीं कक्षा में दौड़ना शुरू किया। इसके बाद कोच नागपुरी रमेश ने उन्हें ट्रेनिंग दी। बैडमिंटन खिलाड़ी पुलेला गोपीचंद के सुझाव पर दीप्ति की जांच हैदराबाद स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर द एम्पावरमेंट ऑफ पर्सन्स विद इंटेलेक्चुअल डिसएबिलिटी में कराई गई। इसके बाद उन्होंने पैरा-एथलेटिक्स में अपनी पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ना शुरू किया।
और पढे़ं- हार्दिक पांड्या का जबरा फैन, एक झलक के लिए पैदल तय किया 1,000 किलोमीटर से ज्यादा का सफर
एशियन पैरा गेम्स में दूसरी बार जीता गोल्ड
दीप्ति जीवनजी इससे पहले 2023 में चीन के हांगझोऊ में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। अब 2026 में एक बार फिर गोल्ड मेडल जीतकर उन्होंने अपनी सफलता दोहराई है। महिलाओं की 400 मीटर T20 दौड़ में 56.36 सेकंड का समय निकालकर उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। दीप्ति की कहानी बताती है कि मुश्किल हालात और लोगों की नकारात्मक सोच के बावजूद मेहनत, सही मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। आज वह अपनी उपलब्धियों से देश का नाम रोशन कर रही हैं।
दीप्ति जीवनजी को लेकर सर्च किए जाने वाले सवाल
1. दीप्ति जीवनजी कौन हैं?
दीप्ति जीवनजी भारत की पैरा एथलीट हैं, जो 400 मीटर T20 श्रेणी में दौड़ती हैं।
2. दीप्ति जीवनजी ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में कौन-सा मेडल जीता?
उन्होंने महिलाओं की 400 मीटर T20 दौड़ में 56.36 सेकंड का समय निकालकर गोल्ड मेडल जीता।
3. दीप्ति जीवनजी ने दौड़ना कब शुरू किया था?
उन्होंने नौवीं कक्षा में दौड़ना शुरू किया था और उनके स्कूल के शिक्षक ने उनकी प्रतिभा पहचानी थी।






