फीफा वर्ल्ड कप 2026 में 4 बार की चैंपियन जर्मनी बाहर हो गई है। अंतिम-32 में पैराग्वे ने उसे पेनल्टी शूटआउट में 3-4 से हराया। हार के बाद गोलकीपर मैनुअल नॉयर ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास ले लिया।

Germany Knocked Out of FIFA World Cup 2026: इस बार के फीफा वर्ल्ड कप में एक और चौंकाने वाला नतीजा सामने आया है। चार बार की चैंपियन रह चुकी जर्मनी की टीम अंतिम-32 राउंड में ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। दुनिया की 12वें नंबर की टीम जर्मनी को 40वीं रैंक वाली पैराग्वे ने पेनल्टी शूटआउट में 3-4 से हरा दिया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जर्मनी ने ग्रुप स्टेज के 3 मैचों में 10 गोल दागकर शानदार तरीके से नॉकआउट में जगह बनाई थी। लेकिन पैराग्वे की मजबूत डिफेंस के आगे उनकी एक न चली। तय समय तक दोनों टीमें 1-1 गोल से बराबरी पर थीं। पहले हाफ में जूलियो एनसिको ने गोल कर पैराग्वे को बढ़त दिलाई। इसके बाद 52वें मिनट में काई हावर्ट्ज़ ने गोल कर जर्मनी को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद कोई गोल नहीं हुआ और मैच पेनल्टी शूटआउट में चला गया।

दोनों टीमों को 5-5 मौके मिले, जिसमें स्कोर 3-3 से बराबर रहा। इसके बाद सडन डेथ में जर्मनी गोल करने से चूक गया, जबकि पैराग्वे ने गोल दागकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस जीत के साथ पैराग्वे ने 5वीं बार वर्ल्ड कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

2014 के बाद लगातार नाकामी

जर्मनी 2014 में वर्ल्ड कप चैंपियन बनी थी। लेकिन उसके बाद 2018 और 2022 के वर्ल्ड कप में टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी। इस बार टीम नॉकआउट में तो पहुंची, लेकिन प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रही।

कभी जर्सी बेचकर गुजारा करने वाला गिल बना पैराग्वे का हीरो!

जर्मनी के खिलाफ पैराग्वे की जीत के हीरो गोलकीपर ऑरलैंडो गिल रहे। लेकिन उनकी कहानी काफी दिलचस्प है। एक समय था जब गिल आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे और उन्हें अपने पुराने क्लब की जर्सी बेचकर गुजारा करना पड़ रहा था। उनकी पत्नी ने करीब 2 साल पहले सोशल मीडिया पर इस बारे में पोस्ट किया था। जर्मनी के खिलाफ मैच के बाद उनका वो पुराना पोस्ट अब वायरल हो रहा है। गिल ने इस मैच में न सिर्फ कई शानदार बचाव किए, बल्कि पेनल्टी शूटआउट में भी टीम के लिए संकटमोचक साबित हुए।

हार के बाद जर्मनी के गोलकीपर नॉयर ने लिया संन्यास

जर्मनी के दिग्गज गोलकीपर मैनुअल नॉयर ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी है। उन्होंने यह फैसला फीफा वर्ल्ड कप में पैराग्वे के खिलाफ मिली हार के तुरंत बाद लिया। नॉयर ने 2024 यूरोपियन चैंपियनशिप के बाद संन्यास ले लिया था, लेकिन वर्ल्ड कप से कुछ दिन पहले ही 40 साल के नॉयर ने वापसी की थी। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि पैराग्वे के खिलाफ यह हार उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच था। नॉयर ने 2009 से अब तक जर्मनी के लिए 128 मैच खेले हैं।

आज के मैच

मेक्सिको बनाम इक्वाडोर, सुबह 6:30 बजे

इंग्लैंड बनाम कांगो, सुबह 9:30 बजे

बेल्जियम बनाम सेनेगल, रात 1:30 बजे