फ्रांसीसी फुटबॉलर माइकल ओलिसे ने अपनी फोटोग्राफर को वीजा न मिलने पर इंस्टाग्राम पोस्ट डिलीट कर दिए। वे अब फोटोग्राफर द्वारा टीवी से ली गई धुंधली तस्वीरें पोस्ट कर रहे हैं। उनकी इस वफादारी की काफी प्रशंसा हो रही है।
न्यूयॉर्क: फ्रांस के युवा फुटबॉलर माइकल ओलिसे वर्ल्ड कप में अपने शानदार खेल से तो छाए ही हुए हैं, लेकिन मैदान के बाहर उन्होंने कुछ ऐसा किया है, जिसकी वजह से दुनिया भर में उनकी तारीफ हो रही है। इस वर्ल्ड कप में 5 असिस्ट के साथ ओलिसे फ्रांस के लिए तुरुप का इक्का साबित हुए हैं और किलियन एमबाप्पे के लिए गोल के कई मौके बनाए हैं। लेकिन कुछ हफ़्ते पहले, उन्होंने अचानक अपने 94 लाख फॉलोअर्स वाले इंस्टाग्राम अकाउंट से सारी पोस्ट डिलीट कर दीं, जिससे फैंस हैरान रह गए।
पहले तो सबको लगा कि शायद वो रियल मैड्रिड जैसे किसी बड़े क्लब में ट्रांसफर होने वाले हैं, इसलिए ऐसा कर रहे हैं। लेकिन असली वजह कुछ और ही निकली, जिसे जानकर फैंस ओलिसे की दरियादिली के कायल हो गए। दरअसल, फ्लोरेंस पेर्ने नाम की एक पर्सनल फोटोग्राफर ओलिसे के करियर की बेहतरीन तस्वीरें खींचती थीं। ओलिसे अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर सिर्फ फ्लोरेंस की खींची तस्वीरें ही शेयर करते थे। लेकिन इस बार वर्ल्ड कप के लिए अमेरिकी अधिकारियों ने फ्लोरेंस को अमेरिका आने का वीजा या एक्रेडिटेशन देने से इनकार कर दिया। जब अपनी फोटोग्राफर ही मैदान पर नहीं आ सकीं, तो ओलिसे ने भी एक बड़ा फैसला लिया। उन्होंने तय किया कि वो फीफा या दूसरी एजेंसियों की कोई भी प्रोफेशनल फोटो अपने अकाउंट पर इस्तेमाल नहीं करेंगे।
इसी वजह से उन्होंने अपनी सारी पुरानी पोस्ट एक झटके में डिलीट कर दीं। वीजा न मिलने के कारण फ्लोरेंस पेर्ने अमेरिका जाने के बजाय फ्रांस में अपने घर पर टीवी पर ही ओलिसे के मैच देख रही हैं। और अब ओलिसे अपने इंस्टाग्राम पर सिर्फ वही तस्वीरें पोस्ट कर रहे हैं, जो फ्लोरेंस अपने टीवी स्क्रीन से कैमरे में खींचती हैं - यानी धुंधली और पिक्सलेटेड तस्वीरें। इस पर फ्लोरेंस पेर्ने ने कहा, "हो सकता है मेरे पास एक्रेडिटेशन न हो, लेकिन मेरे पास मेरा टीवी और मेरा अपना नजरिया है।"
लाखों फैंस वाला एक ग्लोबल स्टार, बड़ी-बड़ी एजेंसियों की हाई-क्वालिटी तस्वीरों को छोड़कर अपनी फोटोग्राफर की टीवी स्क्रीन वाली तस्वीरें शेयर कर रहा है। फैंस इसे वफादारी की एक बड़ी मिसाल मान रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग ओलिसे को 'एक सच्चा इंसान' कह रहे हैं, जो अपनी कामयाबी में साथ देने वालों को कभी नहीं भूलता।
