नोरा फतेही FIFA वर्ल्ड कप 2026 के आधिकारिक गाने 'Siir Siir' में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। संजय और वेगेड्रीम द्वारा निर्मित इस गाने में कई भारतीय शामिल हैं। नोरा ने इसे अपनी भारतीय, मोरक्कन और कनाडाई जड़ों का संगम बताया है।
FIFA World Cup 2026 Song Siir Siir: बॉलीवुड स्टार नोरा फतेही अब फुटबॉल के सबसे बड़े मंच, FIFA वर्ल्ड कप से जुड़ गई हैं। वह इस वर्ल्ड कप में भारत की नुमाइंदगी कर रही हैं। दरअसल, FIFA की तरफ से वर्ल्ड कप के लिए जो ऑफिशियल म्यूजिक एल्बम तैयार किया गया है, उसके एक गाने 'Siir Siir' में नोरा ने परफॉर्म किया है। इस गाने को म्यूजिक प्रोड्यूसर संजय और फ्रेंच सिंगर वेगेड्रीम (French Singer Vegedream) ने मिलकर बनाया है।

वर्ल्ड कप से ठीक पहले इस गाने का वीडियो रिलीज किया गया है। दुनिया भर के कई कलाकार FIFA के इस एल्बम का हिस्सा बने हैं, और इसका हिस्सा बनना किसी भी आर्टिस्ट के लिए गर्व की बात है। नोरा के करियर के लिए भी यह एक बड़ा मील का पत्थर है।
वर्ल्ड कप में भारत की प्रतिनिधि नोरा
वर्ल्ड कप से जुड़ने पर नोरा ने कहा, "यह गाना मेरे लिए बहुत खास है। 'Siir Siir' के जरिए हमने अलग-अलग कल्चर को एक साथ लाने की कोशिश की है। हमने एक ऐसा गाना बनाने की कोशिश की है, जो दुनिया भर में पसंद किया जाए और साथ ही कुछ नया भी हो। मैं अपनी पहचान की हर चीज को इसमें शामिल करना चाहती थी। मेरी जड़ें मोरक्को (Morocco) और कनाडा (Canada) से हैं, और भारत में मेरा बहुत बड़ा प्रभाव है। मुझे भारत और दक्षिण एशियाई समुदाय (South Asian community) से बहुत प्यार मिला है। इस प्यार ने मेरे सफर में बहुत मदद की है।"
वर्ल्ड कप के गाने से जुड़े भारतीय
इस गाने के बारे में नोरा ने आगे कहा, “यह गाना और भी खास इसलिए बन गया है क्योंकि इसके पीछे कई भारतीय भी हैं। कोरियोग्राफर, डांसर और स्टाइलिंग टीम में भारतीय शामिल हैं। सभी ने इस विजन को हकीकत में बदलने में बड़ी भूमिका निभाई है। वर्ल्ड कप जैसे मंच के लिए यह गाना बना पाना मेरे लिए सपने जैसा है। मुझे लग रहा है जैसे मेरा एक सर्कल पूरा हो गया है, जहां अलग-अलग कल्चर, साउंड और लोग एक साथ आए हैं।”
