रोनाल्डो का 20 साल बाद बड़ा कमाल, फीफा वर्ल्ड कप में पहली बार किया ये कारनाम
Cristiano Ronaldo goal in FIFA: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में पुर्तगाल ने क्रोएशिया को 2-1 से हराकर राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई। क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 20 साल बाद वर्ल्ड कप नॉकआउट में अपना पहला गोल कर इतिहास रच दिया।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 पुर्तगाल बनाम क्रोएशिया
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में पुर्तगाल ने क्रोएशिया को 2-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की और राउंड ऑफ 16 (प्री-क्वार्टर फाइनल) में अपनी जगह पक्की कर ली। टोरंटो में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में आखिरी मिनट तक कांटे की टक्कर देखने को मिली। मैच का सबसे खास पल तब आया, जब पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने वर्ल्ड कप करियर का पहला नॉकआउट गोल दागते हुए 20 साल का लंबा इंतजार खत्म कर दिया।
और पढे़ं- FIFA वर्ल्ड कप: स्पेन के कोच ने युवा स्टार लामिने यामल की जमकर तारीफ की

ऐसा रहा क्रोएशिया और पुर्तगाल के बीच मुकाबला
मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कोई भी गोल नहीं हुआ। दूसरे हाफ के 53वें मिनट में क्रोएशिया के अनुभवी खिलाड़ी इवान पेरिसिच ने शानदार शॉट लगाकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद पुर्तगाल पर मैच में वापसी का दबाव बढ़ गया। हालांकि, टीम ने हार नहीं मानी और लगातार आक्रामक खेल दिखाया।
पेनाल्टी पर रोनाल्डो ने दागा ऐतिहासिक गोल
क्रोएशिया से पिछड़ने के बाद पुर्तगाल ने अटैकिंग खेल शुरू किया। मैच के 68वें मिनट में क्रोएशिया के एक खिलाड़ी ने बॉक्स के अंदर पुर्तगाल के खिलाड़ी को फाउल कर दिया, जिसके बाद रेफरी ने पेनाल्टी दे दी। स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इस मौके को शानदार गोल में बदलते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। यह गोल रोनाल्डो के लिए बेहद खास रहा। उन्होंने साल 2006 में अपना पहला फीफा वर्ल्ड कप खेला था और अब, 20 साल बाद, उन्होंने पहली बार वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबले में गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
एक्स्ट्रा टाइम में पुर्तगाल ने पलटा मैच
मैच के 81वें मिनट में पुर्तगाल के कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने रणनीति के तहत रोनाल्डो को मैदान से बाहर बुला लिया। यह फैसला टीम के लिए मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ। एक्स्ट्रा टाइम के 94वें मिनट में राफेल लियाओ ने शानदार क्रॉस दिया, जिस पर गोंसालो रामोस ने बेहतरीन हेडर लगाकर पुर्तगाल को 2-1 की बढ़त दिला दी। मैच के आखिर मिनटों में क्रोएशिया ने बराबरी का गोल कर दिया था, लेकिन VAR (वीडियो असिस्टेंट रेफरी) की जांच में वह गोल ऑफसाइड पाया गया और उसे रद्द कर दिया गया। इसके साथ ही पुर्तगाल ने 2-1 से मुकाबला जीत लिया।
अब स्पेन से होगी पुर्तगाल की टक्कर
इस जीत के साथ पुर्तगाल ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 में एंट्री कर ली है। अब उसका सामना मजबूत टीम स्पेन से होगा। स्पेन ने अपने राउंड ऑफ 32 मुकाबले में ऑस्ट्रिया को 3-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई थी। ऐसे में फुटबॉल लवर्स को पुर्तगाल और स्पेन के बीच एक हाई-वोल्टेज मुकाबले का इंतजार रहेगा।
सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले सवाल
1. पुर्तगाल और क्रोएशिया का मैच किसने जीता?
पुर्तगाल ने क्रोएशिया को 2-1 से हराकर राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई।
2. रोनाल्डो ने इस मैच में कौन-सा रिकॉर्ड बनाया?
रोनाल्डो ने अपने वर्ल्ड कप करियर का पहला नॉकआउट गोल किया, जिसके लिए उन्हें 20 साल इंतजार करना पड़ा।
3. अब राउंड ऑफ 16 में पुर्तगाल का मुकाबला किससे होगा?
पुर्तगाल का अगला मुकाबला स्पेन के खिलाफ राउंड ऑफ 16 में होगा।