MS Dhoni Viral Video: एमएस धोनी का एक प्रोमोशनल इवेंट से वीडियो सामने आया है, जिसमें स्मृति मंधाना के साथ बैठे धोनी के हाथ से अचानक क्रिकेट बॉल छूट गई। धोनी ने पलक झपकते ही हवा में हाथ बढ़ाकर उस बॉल को नीचे गिरने से बचा लिया।
MS Dhoni Quick Reaction: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उम्र भले ही बढ़ रही हो, लेकिन उनके रिफ्लेक्स आज भी उतने ही तेज हैं। हाल ही में एक प्रोमोशनल इवेंट के दौरान धोनी के हाथ से क्रिकेट की गेंद छूट गई, जिसे उन्होंने एक सेकंड से भी कम समय में लपक लिया। इस दौरान मंच पर उनके साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना भी बैठी हुई थीं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस क्लिप में धोनी हाथ में क्रिकेट बॉल लेकर थोड़ा करतब दिखाने की कोशिश करते हैं, तभी गेंद अचानक उंगलियों से फिसल जाती है। धोनी बिना एक पल गंवाए तुरंत आगे झुकते हैं और जमीन पर गिरने से पहले ही बॉल को आसानी से पकड़ लेते हैं। धोनी की इस तेजी को देखकर फैंस उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि धोनी की विकेटकीपिंग वाली फुर्ती आज भी वैसी की वैसी ही है।
इवेंट के इस वीडियो में धोनी कुर्सी पर आराम से बैठे नजर आ रहे हैं। उनके ठीक बगल में स्मृति मंधाना हाथ में माइक लिए बैठी हैं। धोनी जैसे ही बॉल को हवा में थोड़ा जगल करने की कोशिश करते हैं, गेंद उनके हाथ से फिसलकर नीचे गिरने लगती है। हालांकि, पूर्व विकेटकीपर धोनी तुरंत अपना हाथ आगे बढ़ाते हैं और झुककर गेंद को लपक लेते हैं।
धूनी ने बिल्कुल सही समय पर बॉल को जमीन पर गिरने से बचा लिया। इस छोटे से पल ने फैंस को धोनी के उस दौर की याद दिला दी जब वह स्टंप्स के पीछे अपनी फुर्ती से बल्लेबाजों को पलक झपकते ही आउट कर दिया करते थे। कुर्सी पर बैठे-बैठे भी इतना शानदार रिएक्शन टाइम दिखाना अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
एक्स (ट्विटर) पर इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा गया, "रिफ्लेक्स आज भी बरकरार हैं।" इसके बाद कमेंट सेक्शन में भारतीय फैंस ने धोनी पर प्यार बरसाना शुरू कर दिया। एक यूजर ने लिखा, "यह फुर्ती 2027 का IPL खेलने के लिए काफी है।" वहीं दूसरे यूजर ने कमेंट किया, "धोनी ने क्रिकेट भले ही छोड़ दिया हो, लेकिन विकेटकीपिंग नहीं छोड़ी।" एक अन्य फैन ने लिखा, "थाला फॉर ए रीजन।" इसके अलावा एक और यूजर ने लिखा, "थाला जी ने आज फैंस को फिर से खुश कर दिया।"
इंडियन प्रीमियर लीग में धोनी के भविष्य को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस के बीच लगातार चर्चा चल रही है। हालांकि, इस दिग्गज खिलाड़ी ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि वह 2027 सीजन में मैदान पर वापसी करेंगे या नहीं।




