Bihar Assembly Session: बिहार विधान परिषद में नीतीश कुमार और राबड़ी देवी में तीखी बहस हुई। राबड़ी देवी ने सरकार पर काम न करने का आरोप लगाया, जिस पर नीतीश कुमार भड़क गए। 

Bihar Assembly Session: बिहार में चुनावी साल में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है, और इसका ताजा उदाहरण बुधवार को बिहार विधान परिषद की कार्यवाही में देखने को मिला। यहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राबड़ी देवी के बीच बहस देखने को मिली। राबड़ी देवी ने आरोप लगाया कि बिहार में कोई काम नहीं हुआ है, इस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भड़क गए और राजद के कार्यकाल के दौरान की स्थितियों का जिक्र किया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

नीतीश कुमार के बयान से नाराज हुईं राबड़ी देवी

नीतीश कुमार के इस बयान से राबड़ी देवी नाराज हो गईं और राजद के सभी सदस्य सदन से बाहर निकल गए। सदन से बाहर निकलने के बाद राबड़ी देवी और उनके समर्थकों ने हाथों में पोस्टर लेकर नारेबाजी की। उन्होंने बिहार सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए और विरोध जताया।

बिहार विधान परिषद में हुई तीखी बहस

बिहार विधान परिषद में बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच तीखी बहस हुई। इस दौरान नीतीश कुमार ने राबड़ी देवी और उनके पति, पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के शासन पर कई गंभीर आरोप लगाए। नीतीश कुमार ने कहा, "राजद के शासन में कोई काम नहीं हुआ। जब इनके पति हट गए, तो इन्हें मुख्यमंत्री बना दिया। इनके राज में कोई भी व्यक्ति पांचवीं कक्षा से अधिक नहीं पढ़ सका। महिलाओं के लिए हमलोगों ने बहुत काम किया। हमने महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण दिया, लेकिन इन्होंने महिलाओं के लिए क्या किया?"

यह भी पढ़ें: Bihar Holi Controversy: दरभंगा मेयर का बयान–जुम्मा नमाज के लिए होली पर लगाएं 2 घंटे का ब्रेक

नीतीश कुमार पर राबड़ी देवी ने लगाया ये आरोप

आगे नीतीश कुमार ने कहा अरे, इन लोगों के चक्कर में चली गई हो, तो कुछ नहीं जानती हो। पूरी बात जानिए। यह सारा काम हम लोगों ने कराया है।" इस पर राबड़ी देवी और राजद के अन्य सदस्य नाराज हो गए। राबड़ी देवी ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार ने महिलाओं का अपमान किया। राजद की महिला एमएलसी ने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा महिलाओं का अपमान करते हैं। इसके बाद, राजद सहित विपक्षी दलों ने परिषद से वाक आउट कर दिया और बाहर निकलकर विरोध प्रदर्शन किया।

इस घटना ने बिहार की राजनीति में गर्मी और बढ़ा दी है, जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीव्र टकराव देखने को मिल रहा है।