बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले सियासी हलचल तेज है। कांग्रेस की प्रियंका गांधी मोतिहारी में रैली कर रही हैं, वहीं NDA के अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर हैं। PM मोदी और CM नीतीश भी 75 लाख महिलाओं को आर्थिक सौगात देंगे।
नवरात्रि की रौनक के बीच बिहार की राजनीति भी अब पूरे उबाल पर है। विधानसभा चुनाव से पहले आज का दिन सियासी हलचल और चुनावी शोर-शराबे से भरा रहने वाला है। एक ओर महागठबंधन की ओर से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मोतिहारी में शक्ति प्रदर्शन करने जा रही हैं, तो दूसरी ओर एनडीए खेमे से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय बिहार दौरे पर पहुंच रहे हैं। दोनों दलों के बड़े नेताओं की यह सक्रियता साफ संकेत देती है कि चुनावी संग्राम अब पूरी तरह दस्तक दे चुका है।
प्रियंका गांधी की हर घर अधिकार रैली
प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को दोपहर 12 बजे पटना के सदाकत आश्रम पहुंचेंगी। यहां वे करीब 2000 महिलाओं के साथ संवाद करेंगी। इसमें मनरेगा मजदूर, जीविका दीदी, घरेलू कामगार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर, वकील और डॉक्टर जैसे विभिन्न वर्गों की महिलाएं शामिल होंगी।
इसके बाद प्रियंका गांधी मोतिहारी जाएंगी, जहां गांधी मैदान में "हर घर अधिकार रैली" को संबोधित करेंगी। कांग्रेस का दावा है कि इस रैली में 20 हजार से ज्यादा महिलाएं शामिल होंगी। विशाल पंडाल में 40 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। दोपहर 2 बजे वे हेलिकॉप्टर से मोतिहारी पुलिस लाइन पहुंचेंगी और वहां से सभा स्थल जाएंगी। इस रैली में उनके साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और कई सांसद मंच पर मौजूद रहेंगे।
अमित शाह का दो दिवसीय बिहार दौरा
वहीं, दूसरी तरफ भाजपा ने भी चुनावी मोर्चा खोल दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार से दो दिन के बिहार दौरे पर रहेंगे। उनका पहला कार्यक्रम बेतिया में होगा, जहां वे भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे पटना में प्रदेश नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर बैठक करेंगे।
शनिवार को शाह समस्तीपुर के सरायरंजन और अररिया के फारबिसगंज में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। आठ दिनों में यह शाह का दूसरा बिहार दौरा है, जो बताता है कि भाजपा ने बिहार चुनाव को लेकर अपने तेवर तेज कर दिए हैं।
मोदी-नीतीश की महिलाओं को सौगात
इन राजनीतिक गतिविधियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी आज महिलाओं को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 75 लाख जीविका दीदियों के खाते में 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त ट्रांसफर की जाएगी। कुल 7,500 करोड़ रुपये सीधे महिलाओं के खातों में भेजे जाएंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए महिलाओं को संबोधित करेंगे।
चुनावी रणभूमि बना बिहार
नेताओं की ताबड़तोड़ सभाओं, रैलियों और घोषणाओं से बिहार का माहौल पूरी तरह चुनावी हो चुका है। महागठबंधन और एनडीए दोनों ही खेमे पूरी ताकत झोंक रहे हैं। माना जा रहा है कि 6 अक्टूबर के बाद कभी भी चुनाव की घोषणा हो सकती है। ऐसे में आज का दिन आने वाले विधानसभा चुनाव के लिहाज से बेहद अहम साबित होने वाला है।
