कुत्ते के मुंह में मानव हाथ देखकर ग्रामीण सहम गए। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई तो पुलिस ने जांच पड़ताल शुरु की पर कुछ पता नहीं चला। जब एक दिन बाद बच्चे खेलते हुए नहर के किनारे पहुंचे तो वहां जली हुई लाश देखी।

बालोद। कुत्ते के मुंह में मानव हाथ देखकर ग्रामीण सहम गए। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई तो पुलिस ने जांच पड़ताल शुरु की पर कुछ पता नहीं चला। जब एक दिन बाद बच्चे खेलते हुए नहर के किनारे पहुंचे तो वहां जली हुई लाश देखी। फिर इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। अभी यह गुत्थी सुलझ नहीं पाई है कि मृतक ने आत्महत्या की या फिर उसकी हत्या हुई। फिलहाल, पुलिस दोनों एंगल पर जांच कर रही है। मृतक की पहचान किरण बाई नेताम के रूप में हुई है। वह शहर के ही जवाहर पारा इलाके की निवासी है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

खेलते हुए बच्चों ने नहर किनारे देखा शव

जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले एक कुत्ता अपने जबड़े में जब मानव हाथ लेकर देऊरत राई ग्राम में पहुंचा तो जिसने भी देखा, उसके होश उड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी जांच पड़ताल की, पर उस दिन यह पता नहीं चल सका कि कुत्ता मानव हाथ कहां से लाया। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, जब कुत्ता मानव हाथ नोंचकर गांव में पहुंचा था तो किसी को किरण की मौत के बारे में नहीं पता था। पर खेल रहे बच्चे जब नहर की तरफ गए तो उन्होंने वहा जली हुई लाश देखी और गांव वालों को इसके बारे में बताया। उसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

23 फरवरी को अपने घर से ​निकली

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई। जानकारी मिली की महिला बीती 23 फरवरी को अपने घर से यह कहकर निकली थी कि वह अपने मामा के घर जा रही है। युवती के मामा के घर जब इस बारे में फोन से पूछा गया तो उन लोगों ने बताया कि युवती उनके घर नहीं पहुंची है। परिवार वालों ने युवती को खोजन शुरु किया और फिर पुलिस थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज करायी गयी थी। 26 फरवरी को युवती की लाश बरामद हुई है।

क्या आत्महत्या के​ लिए घर से निकली थी लड़की

पुलिस के अनुसार, महिला का शव जिस जगह पर मिला है। उस जगह पर मिट्टी के तेल की शीशी और पानी की बोतल मिली है। जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि शव के पास जो डिब्बे मिले हैं, लड़की वह डिब्बे घर से ही लेकर चली थी। इस वजह से अनुमान लगाया जा रहा है कि लड़की आत्महत्या के विचार से ही घर से निकली थी।