छत्तीसगढ़ में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 16 नक्सली मारे गए, जिसमें 1 करोड़ का इनामी कमांडर भी शामिल। ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में यह बड़ी कामयाबी मिली।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस के साथ हुए मुठभेड़ में सोमवार को 16 नक्सली मारे गए। ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ संयुक्त ऑपरेशन चलाया था। इससे पहले रविवार को छत्तीसगढ़ में दो महिला नक्सली को मार गिराया गया था। 

मुठभेड़ में टॉप नक्सल कमांडर जयराम ऊर्फ चलपति भी मारा गया। उसपर 1 करोड़ रुपए का इनाम था। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की सहायता से ओडिशा के नुआपाड़ा और छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में अभियान चलाया गया था। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने एनकाउंटर में 20 नक्सलियों को मारा है। इसके चलते मारे जाने वाले नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है। पुलिस के जवान अभियान के दौरान ड्रोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनसे नक्सलियों को खोजा और मारा जा रहा है।

16 नक्सलियों के शव मिले, सर्च ऑपरेशन जारी

रायपुर जोन के आईजी अमरेश मिश्रा ने बताया कि मुठभेड़ गरियाबंद इलाके में हुआ है। अब तक 16 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। नक्सलियों के पास से AK 47, SLR, इंसास और अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। सर्च ऑपरेशन जारी है।

अमित शाह बोले- नक्सलवाद को लगा बड़ा झटका

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुठभेड़ के बाद कहा कि भारत नक्सलवाद को खत्म करने की कगार पर है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "नक्सलवाद को एक और बड़ा झटका लगा है। हमारे सुरक्षा बलों ने नक्सल मुक्त भारत के निर्माण की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है।"

Scroll to load tweet…

पुलिस को जानकारी मिली थी कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा के सीमावर्ती इलाके के घने जंगलों में बड़ी संख्या में नक्सली जुटे हुए हैं। इसके बाद 19 जनवरी को एक संयुक्त अंतरराज्यीय अभियान शुरू किया गया था।

2024 में छत्तीसगढ़ में मारे गए 220 नक्सली

बता दें कि पिछले महीने छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा था कि 2024 में राज्य में कम से कम 220 नक्सली मारे गए। पिछले पांच सालों में 219 नक्सली मारे गए थे।