CM विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ प्रवास की तैयारियों की समीक्षा की। नवा रायपुर में श्री सत्य साईं हॉस्पिटल, ब्रह्मकुमारी ध्यान केंद्र, जनजातीय संग्रहालय और राज्योत्सव स्थल का निरीक्षण कर उत्कृष्ट व्यवस्था के निर्देश दिए।
रायपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आगामी छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज नवा रायपुर में तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं उत्कृष्टता का प्रतीक बनें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का आगमन राज्य के लिए गर्व का अवसर है और इस दौरान प्रदेश की संस्कृति, आत्मगौरव और प्रगति की झलक हर स्थल पर दिखाई देनी चाहिए।
श्री सत्य साईं हॉस्पिटल में तैयारियों का जायजा
मुख्यमंत्री श्री साय ने सबसे पहले नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा, सभागार, मंच, और अतिथियों के बैठने की व्यवस्था का विस्तार से जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित और गरिमामय हों ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ब्रह्मकुमारी ध्यान केंद्र में कार्यक्रम समीक्षा
इसके बाद मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ध्यान केंद्र का दौरा किया और प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने सभागार, मेडिटेशन रूम और बाहरी परिसर का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से कहा कि सभी तैयारियाँ समय पर पूरी की जाएं।
जनजातीय संग्रहालय बनेगा अस्मिता का प्रतीक
मुख्यमंत्री श्री साय ने शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय छत्तीसगढ़ के जनजातीय समाज की वीरता, बलिदान और अस्मिता का प्रतीक बनेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि संग्रहालय का हर अनुभाग आगंतुकों को जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने में सक्षम हो। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी दीर्घाओं, मल्टीमीडिया गैलरी, स्मृति कक्ष और बाहरी परिसर की तैयारियों की भी समीक्षा की।
राज्योत्सव स्थल बनेगा छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का दर्पण
मुख्यमंत्री श्री साय ने नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य मंच, पार्किंग, विभागीय डोम, प्रदर्शनी दीर्घा, वीआईपी दीर्घा और आमजन के मार्गों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, संस्कृति और आत्मविश्वास का उत्सव है, जिसे उत्कृष्टता की नई मिसाल बनाना सभी की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश: सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि
मुख्यमंत्री श्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। सुरक्षा, स्वच्छता और आमजन की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि प्रधानमंत्री का दौरा और राज्योत्सव दोनों ही गरिमामय और व्यवस्थित रूप में संपन्न हों।
इस मौके पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव श्री विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, सचिव श्री राहुल भगत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
