दिल्ली में महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर LG ने पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए। छेड़छाड़ पर Zero Tolerance और इमरजेंसी मदद पर जोर दिया।

नई दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) टीएस संधू ने राजधानी में महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर पुलिस को और ज्यादा चौकस रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दिल्ली पुलिस कमिश्नर के साथ एक रिव्यू मीटिंग की, जिसमें खास तौर पर कमजोर वर्ग, यानी बुजुर्गों और महिला यात्रियों की सुरक्षा पर जोर दिया गया।

एक प्रेस नोट के मुताबिक, इस बैठक में बुजुर्गों और महिला यात्रियों जैसे कमजोर समूहों के लिए संस्थागत मदद को मजबूत करने पर खास ध्यान दिया गया।

मीटिंग के दौरान LG ने दिल्ली पुलिस के 'सीनियर सिटिज़न मोबाइल ऐप' के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने पूछा कि कितने बुजुर्गों ने इस पर रजिस्ट्रेशन कराया है और बीट पुलिसकर्मी उनसे नियमित तौर पर मिलते हैं या नहीं। LG ने साफ निर्देश दिए कि बुजुर्गों की शिकायतें फौरन दूर की जाएं, इमरजेंसी में तुरंत मदद मिले और पुलिसकर्मी समय-समय पर उनसे मिलकर हालचाल लेते रहें। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में बुजुर्गों की संख्या का फिर से आकलन किया जाए और ऐप का दायरा बढ़ाया जाए।

प्रेस स्टेटमेंट में बताया गया है कि इसके अलावा, 'शिष्टाचार स्क्वॉड' के काम की भी बारीकी से जांच की गई। ये वही टीमें हैं जो स्कूल-कॉलेज, बस स्टॉप और भीड़भाड़ वाले बाजारों में छेड़छाड़ और बदसलूकी जैसी घटनाओं को रोकती हैं।

LG ने जोर देकर कहा कि इन टीमों को और ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ बदसलूकी करने वालों के खिलाफ 'ज़ीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जाए ताकि महिलाएं और छात्राएं सुरक्षित महसूस कर सकें।

इसके अलावा, LG ने 'पिंक बसों' में महिला सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस और सुरक्षा कर्मचारियों के बारे में भी अपडेट लिया। उन्होंने दोहराया कि महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पब्लिक ट्रांसपोर्ट में पुलिस की मौजूदगी और इमरजेंसी में तुरंत एक्शन लेने वाले सिस्टम से ही महिलाएं बिना किसी डर के सफर कर पाएंगी।

मीटिंग के आखिर में LG ने अपना रुख साफ करते हुए कहा कि महिलाओं और बुजुर्गों के खिलाफ किसी भी तरह के अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दिल्ली पुलिस से लगातार सतर्क रहने और हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा, ताकि राजधानी में लोग बिना किसी डर के रह सकें।