Pink Saheli Card: दिल्ली में 1 अगस्त 2026 से DTC और क्लस्टर बसों में महिलाओं के लिए पेपर पिंक टिकट बंद हो जाएगी। अब मुफ्त सफर के लिए Pink Saheli NCMC Smart Card जरूरी होगा। जानिए नया नियम, आवेदन प्रक्रिया और किन महिलाओं को मिलेगा मुफ्त सफर।
Delhi Pink Ticket: दिल्ली में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा को लेकर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अगर आप DTC या क्लस्टर बसों में फ्री सफर करती हैं, तो अब सिर्फ पिंक टिकट पर निर्भर नहीं रह सकतीं। दिल्ली सरकार ने साफ कर दिया है कि 1 अगस्त 2026 से पेपर आधारित पिंक टिकट व्यवस्था खत्म कर दी जाएगी। इसके बाद मुफ्त यात्रा का लाभ केवल Pink Saheli NCMC Smart Card रखने वाली महिलाओं को ही मिलेगा।
31 जुलाई के बाद नहीं मिलेगा पेपर पिंक टिकट
दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (DTC) के सर्कुलर के अनुसार, महिलाओं को 31 जुलाई 2026 तक ही पेपर पिंक टिकट जारी किए जाएंगे। इसके बाद DTC और DIMTS द्वारा संचालित क्लस्टर बसों में मुफ्त सफर के लिए वैध Pink Saheli NCMC Card होना अनिवार्य होगा।
बस में चढ़ते समय कार्ड को मशीन पर टैप करना भी जरूरी होगा। जिन महिलाओं के पास कार्ड नहीं होगा, उन्हें सामान्य यात्रियों की तरह टिकट खरीदकर किराया देना पड़ेगा।
15 लाख कार्ड बन चुके, आवेदन अभी भी जारी
दिल्ली सरकार के मुताबिक अब तक 15 लाख Pink Saheli Smart Card जारी किए जा चुके हैं। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि 1 अगस्त के बाद भी कार्ड बनवाने की प्रक्रिया जारी रहेगी, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इस योजना का लाभ उठा सकें।
सरकार का कहना है कि डिजिटल सिस्टम से पारदर्शिता बढ़ेगी और मुफ्त यात्रा योजना का बेहतर प्रबंधन हो सकेगा।
Pink Saheli Card कैसे बनवाएं?
अगर आपने अभी तक Pink Saheli Card नहीं बनवाया है, तो जल्द आवेदन करना जरूरी है। फिलहाल इस कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध नहीं है। महिलाएं DC Office, SDM Office या दिल्ली के अधिकृत DTC सेंटर पर जाकर ऑफलाइन आवेदन कर सकती हैं। यह आवेदन प्रक्रिया 3 मार्च 2026 से जारी है।
गौरतलब है कि महिलाओं के लिए DTC बसों में मुफ्त यात्रा की शुरुआत अरविंद केजरीवाल सरकार ने पिंक टिकट योजना के तहत की थी। अब रेखा गुप्ता सरकार इसे पूरी तरह स्मार्ट कार्ड आधारित व्यवस्था में बदल रही है।


