दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में मामूली सुधार हुआ है, लेकिन AQI अभी भी 307 के साथ 'बहुत खराब' श्रेणी में बना हुआ है। सरकार ने प्रदूषण को कम करने के लिए पानी के छिड़काव की व्यवस्था की है।

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता में थोड़ी राहत देखी गई। मंगलवार सुबह 7:00 बजे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 307 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में है। रविवार को दिवाली के जश्न के बाद दिल्ली की हवा खराब हो गई थी। गिरते तापमान और मध्यम कोहरे के कारण प्रदूषण लगातार बना हुआ है। दिल्ली सरकार कणों (पार्टिकुलेट मैटर) के प्रभाव को कम करने के लिए पूरे राज्य में पानी का छिड़काव कर रही है।

चांदनी चौक में राजधानी का सबसे अधिक 395 AQI दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में था। इसके बाद पंजाबी बाग में 355 और आया नगर में 354 AQI रहा, जो इसी श्रेणी में है। आरके पुरम में 328 AQI रहा, जिसे 'बहुत खराब' बताया गया है। सफदरजंग इलाके के आसपास AQI 371 दर्ज किया गया। आनंद विहार और अशोक विहार का AQI 'खराब' श्रेणी में क्रमशः 290 और 278 रहा। नरेला में 'खराब' श्रेणी में 272 AQI रहा, जबकि इंडिया गेट और कर्तव्य पथ पर भी इसी श्रेणी में 258 AQI दर्ज हुआ।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, मध्यम कोहरे के साथ दिल्ली का सुबह का तापमान 17.0°C था। IMD ने अगले 5 दिनों तक मध्यम कोहरा बने रहने का अनुमान जताया है। इस बीच, हरियाणा के अंबाला में समग्र AQI 250 दर्ज किया गया, जिसे CPCB ने 'खराब' माना है। महाराष्ट्र में समग्र AQI 146 रहा, जो 'मध्यम' श्रेणी में है। इससे पहले सोमवार को, दिवाली के एक दिन बाद, कई निगरानी स्टेशनों पर हवा 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच गई थी। कई इलाकों में AQI 400 के पार चला गया था और सुबह के समय दृश्यता (विजिबिलिटी) काफी कम थी।

CPCB के अनुसार, 0 से 50 के बीच AQI 'अच्छा', 51-100 'संतोषजनक', 101-200 'मध्यम', 201-300 'खराब', 301-400 'बहुत खराब' और 401-500 को 'गंभीर' माना जाता है।