Human Trafficking Racket: दिल्ली के शकूरपुर में प्लेसमेंट एजेंसी के घर से मानव तस्करी का मामला सामने आया है। जांच के दौरान मानव तस्करी के पुराने केस की तलाश में पुलिस वहां पहुंची थी, लेकिन चार अन्य लड़कियां बरामद हो गईं। 

Human Trafficking Racket: दिल्ली के शकूरपुर इलाके में मानव तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है। यहां एक प्लेसमेंट एजेंसी के घर से झारखंड और दिल्ली पुलिस की टीम ने छापा मारकर चार नाबालिग लड़कियों को छुड़ाया। ये सभी लड़कियां झारखंड के साहेबगंज और गोड्डा जिलों से लाई गई थीं और घरेलू काम के लिए दिल्ली में रखी गई थीं। पुलिस के अनुसार, लड़कियों की उम्र 15 से 16 साल के बीच है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

झारखंड में मानव तस्करी का एक केस दर्ज हुआ

दरअसल, झारखंड के साहेबगंज में 2023 में मानव तस्करी का एक केस दर्ज हुआ था। जांच में पता चला कि पीड़िता दिल्ली के शकूरपुर इलाके में है। इसके बाद झारखंड पुलिस दिल्ली पहुंची और दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की मदद से छापेमारी की गई। हालांकि, जिस लड़की की तलाश थी, वह नहीं मिली। लेकिन चार अन्य नाबालिग लड़कियां वहां से बरामद की गईं।

एजेंसी ने हड़प लिया वेतन

एनजीओ मिशन मुक्ति फाउंडेशन की मदद से हुए इस ऑपरेशन में यह सामने आया कि इनमें से दो लड़कियों को सिर्फ दो दिन पहले ही झारखंड से दिल्ली लाया गया था, जबकि दो लड़कियां दो साल से लापता थीं और दिल्ली में घरेलू सहायिका के रूप में काम कर रही थीं। उन्हें उनके काम का वेतन भी नहीं दिया गया बल्कि प्लेसमेंट एजेंसी का मालिक उनका पैसा खुद रख लेता था।

यह भी पढ़ें: मर चुके लोगों के नाम पर बांग्लादेशी नागरिकों की बन रही आईडी, असम में दो लोग अरेस्ट

पुलिस ने इन नाबालिगों का मेडिकल परीक्षण कराया

पुलिस ने इन नाबालिगों का मेडिकल परीक्षण कराया है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस मामले पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी संज्ञान लिया है और दिल्ली पुलिस से रिपोर्ट मांगी है।

इससे पहले भी दिल्ली में इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं। पिछले महीने भी चार लड़कियों को अलग-अलग जगहों से छुड़ाया गया था और फरवरी में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस अब एजेंसी और इससे जुड़े लोगों की जांच में जुटी है।