दिल्ली में भीषण गर्मी जारी! बुधवार की रात रही सबसे गर्म। मौसम विभाग ने गुरुवार-शुक्रवार को बारिश का अनुमान जताया है, जिससे राहत की उम्मीद है।

Weather News: दिल्ली में बुधवार को दिन और रात का तापमान हाई रहा। बुधवार की रात तीन साल में अप्रैल की सबसे गर्म रात रही। लोग लू और रात की गर्मी दोनों से परेशान रहे। बुधवार को बेस स्टेशन सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 25.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मंगलवार को यह 22.4 डिग्री सेल्सियस था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दिल्ली के लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में गुरुवार और शुक्रवार को गरज के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

40.5 डिग्री सेल्सियस रहा अधिकतम तापमान

बुधवार को दिल्ली में लगातार तीसरे दिन भीषण गर्मी की स्थिति बनी रही। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। एक दिन पहले यह 41 डिग्री था। आयानगर (40.9), पालम (40.3) और रिज (40.1) में भी भीषण गर्मी दर्ज की गई।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया है कि सोमवार को तीन स्टेशन हीटवेव के मानदंडों पर खरे उतरे। मंगलवार को दो स्टेशन पर ऐसी स्थिति थी। बुधवार को दिल्ली में चार स्टेशनों पर हीटवेव देखी गई। गुरुवार से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार हीटवेव दिवस तब माना जाता है जब अधिकतम तापमान कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस हो और सामान्य तापमान से 4.5 या उससे अधिक डिग्री का अंतर हो। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होने पर भी हीटवेव माना जाता है। अप्रैल 2024 और 2023 में कोई हीटवेव दिन नहीं था। 2022 में ऐसे 11 दिन देखे गए।

गुरुवार और शुक्रवार को गरज के साथ बारिश की उम्मीद

IMD (India Meteorological Department) ने गुरुवार और शुक्रवार को गरज के साथ बहुत हल्की बारिश/बूंदाबांदी और 30-40km/h की गति से तेज हवाएं चलने के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

एक अधिकारी ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में दिल्ली में बहुत हल्की बारिश, गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। गुरुवार को पारा 38-40 डिग्री सेल्सियस और शुक्रवार और शनिवार को 36-38 डिग्री तक गिर सकता है।