सार
सीहोर में नर्मदा नदी के आंवलीघाट से 3 महीने पहले लापता हुए युवक मनोज सेन का चौंकाने वाला मामला सामने आया। जानिए कैसे 92 दिन बाद वह सकुशल लौटा और उसकी मानसिक स्थिति कैसी है।
Sehore News: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में एक चमत्कारी घटना सामने आई है, जहां तीन महीने पहले नर्मदा नदी के आंवलीघाट से लापता हुआ युवक मनोज सेन अचानक उसी स्थान पर सकुशल मिल गया। इस घटना ने स्थानीय लोगों और पुलिस को आश्चर्यचकित कर दिया है।
क्या था मामला?
30 दिसंबर 2024 को मनोज सेन अपनी पत्नी प्रेमलता सेन के साथ सोमवती अमावस्या के दिन आंवलीघाट पर स्नान करने गए थे। दोनों ने नदी में एक साथ डुबकी लगाई। प्रेमलता जब कपड़े बदलने गईं, तब तक मनोज लापता हो चुके थे। परिजनों और पुलिस ने कई दिनों तक तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 92 दिनों तक लापता रहने के बाद 1 अप्रैल 2025 को आंवलीघाट से ही युवक सकुशल मिला।
कैसे मिला मनोज सेन?
रेहटी थाना प्रभारी राजेश कहारे ने बताया कि पुलिस को एक अज्ञात नंबर से फोन आया, जिसमें सूचना दी गई कि तीन महीने पहले लापता हुआ युवक आंवलीघाट के पास एक आश्रम में बैठा है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मनोज को वहां से बरामद किया। पूछताछ के दौरान मनोज बार-बार 'नर्मदे हर' के जयकारे लगा रहा था और सामान्य सवालों के उत्तर नहीं दे पा रहा था। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और उनकी पहचान के बाद मनोज को घर भेज दिया गया।
मनोज के घरवालों ने क्या कहा?
मनोज के बेटे अरुण सेन ने कहा, "हमने कभी उम्मीद नहीं छोड़ी थी। पापा के लौटने से घर में खुशी का माहौल है, लेकिन उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है।" मनोज के लापता होने के बाद उनकी पत्नी प्रेमलता सेन और बेटे अरुण व कान्हा बेहद दुखी थे, लेकिन अब उनके परिवार में जश्न का माहौल है।
क्या हुआ था 30 दिसंबर को?
मनोज और उनकी पत्नी सुबह 5 बजे आंवलीघाट पहुंचा था। दोनों ने नदी में स्नान किया, लेकिन मनोज अचानक लापता हो गया। प्रेमलता ने उन्हें घाट, आश्रम और आसपास के इलाकों में तलाशा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। हताश होकर प्रेमलता ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद एक्टिव हुई पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
पुलिस ने क्या किया?
सीहोर के तत्कालीन कलेक्टर प्रवीण सिंह ने भी मनोज की तलाश के निर्देश दिए थे, लेकिन तीन महीने तक कोई सफलता नहीं मिली थी। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मनोज इतने दिनों तक कहां था और उनकी मानसिक स्थिति क्यों प्रभावित हुई?