विदिशा के कुरवाई में सीएम डॉ. मोहन यादव ने 258 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। किसानों के लिए भावांतर योजना, बहनों को भाई-दूज पर ₹1500, नए कॉलेज, अस्पताल, सड़क और छात्रावास सहित कई घोषणाएं कीं।

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब कल्याण और चहुँमुखी विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। किसानों और आम जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ताकत को देख रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान बना रहा है।

कुरवाई में लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम

शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. यादव विदिशा जिले के कुरवाई पहुंचे। यहां हिनौता सिंचाई परियोजना अंतर्गत जाजपोन पुनर्वास कॉलोनी और अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने 258 करोड़ रुपए की सौगात दी। इसमें 92 करोड़ 70 लाख की लागत से 46 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 165 करोड़ की लागत से 34 कार्यों का लोकार्पण किया गया। 7 करोड़ 36 लाख रुपए की महत्वपूर्ण हिनौता बांध परियोजना भी इसमें शामिल है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शित केन-बेतवा लिंक परियोजना के मॉडल का अवलोकन भी किया।

किसानों के कल्याण के लिए ठोस कदम

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों की बेहतरी उनकी सरकार की प्राथमिकता है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा कर प्रदेश में भावांतर योजना लागू की गई है। इसके तहत इस साल सोयाबीन की बिक्री पर किसानों को 5328 रुपए प्रति क्विंटल की राशि मिलेगी। अंतर की राशि सरकार देगी, जिसका भुगतान किसानों को 15 दिनों के भीतर उनके बैंक खातों में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि विदिशा जिले में जिन किसानों की फसल खराब हुई है, उनका सर्वे कराया जाएगा और उन्हें राहत राशि व बीमा का लाभ मिलेगा। सिंचाई के लिए भी कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। केन-बेतवा लिंक परियोजना से किसानों को सिंचाई के साथ उद्योगों को पानी उपलब्ध कराया जाएगा।

लाड़ली बहनों को भाई-दूज पर मिलेगा विशेष उपहार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार लाड़ली बहना योजना में दीपावली के बाद भाई-दूज पर बहनों को 1500 रुपए की राशि देगी। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सरकार स्कूटी, नि:शुल्क किताबें, साइकिल, छात्रवृत्ति और छात्रावास जैसी सुविधाएं दे रही है। प्रदेश में सांदीपनि विद्यालयों का भी विकास किया जा रहा है।

उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के उदाहरण का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी शिक्षाओं के अनुरूप गरीब और अमीर के बीच की दूरी मिटाने और समग्र विकास की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें

MP: भोपाल में 2100 युवाओं को मुफ्त हेलमेट, सड़क सुरक्षा सप्ताह की बड़ी पहल

स्वदेशी और सुरक्षा पर बल

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का मंत्र दिया है और हमें इसे प्रोत्साहित करना चाहिए। जीएसटी कम करने से कई वस्तुएं सस्ती हुई हैं। प्रदेश में सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। किसी घायल की जान बचाने वाले को “राहवीर योजना” के तहत 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। गंभीर रोगियों के इलाज के लिए प्रदेश में एयरलिफ्ट सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

प्रबुद्धजनों से संवाद और हितलाभ वितरण

कुरवाई प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रबुद्धजनों से संवाद किया और ग्राम विकास के मुद्दों पर सुझाव लिए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए और मार्गदर्शिकाओं का विमोचन भी किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन और कन्या पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की और विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन किया। रोड शो में शामिल होकर मुख्यमंत्री ने नागरिकों का अभिवादन किया और नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की प्रमुख घोषणाएं

  • नगर परिषद कुरवाई के विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।
  • पठारी में नया महाविद्यालय खोला जाएगा।
  • कुरवाई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 50 बिस्तर का बनाया जाएगा।
  • बीना रिफाइनरी के सहायक उत्पादों के लिए औद्योगिक क्षेत्र का विकास होगा।
  • कुरवाई, लटेरी और नटेरन में 50-50 बिस्तर वाले छात्रावास खोले जाएंगे।
  • कुरवाई और विदिशा में 10 करोड़ की लागत से जनपद पंचायत भवन बनाए जाएंगे।
  • सिरोंज और अन्य स्थानों पर 6 करोड़ की लागत से हाई स्कूल भवन बनाए जाएंगे।
  • लटेरी और ग्यारसपुर में 87 करोड़ की लागत से सांदीपनि स्कूल और क्रिटिकल केयर अस्पताल खोले जाएंगे।
  • कुरवाई में बेतवा नदी पर घाट निर्माण और सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
  • उदयपुर श्रीगणेश मंदिर से कुल्हार तक सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
  • उदयपुर में नीलकंठेश्वर कॉरिडोर बनाने के लिए सभी आवश्यक कार्य किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें

विशेष पिछड़ी जनजातियों को हर जिले में मिलेगा हक, CM मोहन यादव की खास है पहल