मुंबई पुलिस एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में चौथे आरोपी की तलाश में जुटी है, जो जालंधर का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि यह शख्स हत्यारों का हैंडलर था और उसने ही उन्हें सिद्दीकी की लोकेशन और अन्य मदद मुहैया कराई थी।

मुंबई। मुंबई पुलिस एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या (Baba Siddique Murder Case) करने वाले अपराधियों के हैंडलर की तलाश में जुटी है। जालंधर से मुंबई तक उसके सुराग मिले हैं। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस हत्याकांड में चार लोग शामिल थे। चौथा व्यक्ति पंजाब के जालंधर का रहने वाला है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

करीब दो साल पहले मोहम्मद जीशान अख्तर नामक इस शख्स को स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसने पटियाला जेल में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों से मुलाकात की थी। रिहा होने पर वह मुंबई चला गया।

पुलिस का कहना है कि अख्तर बाबा सिद्दीकी के हत्यारों का हैंडलर है। वह घटनास्थल से बाहर रहकर हमलावरों को निर्देश दे रहा था। अख्तर ने ही हत्यारों को सिद्दीकी का लोकेशन बताया था। उसने ही उन्हें किराये का कमरा दिलाया और दूसरी मदद की।

तीन अपराधियों ने की बाबा सिद्दीकी की हत्या

शनिवार रात करीब 9:30 बजे तीन अपराधियों ने गोली मारकर बाबा सिद्दीकी की हत्या की थी। इनमें से एक गुरमेल सिंह हरियाणा के कैथल जिले के नरड़ गांव का रहने वाला है। दो उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रहने वाले हैं। गुरमेल और दूसरा शूटर (जो नाबालिग होने का दावा करता है) गिरफ्तार कर लिया गया है। तीसरा शूटर शिव कुमार फरार है।

2022 में गिरफ्तार हुआ था अख्तर

अख्तर जालंधर के नकोदर के शकर गांव का रहने वाला है। पंजाब पुलिस ने उसे 2022 में संगठित अपराध, हत्या और डकैती के मामले में गिरफ्तार किया था। पटियाला जेल में रहने के दौरान वह लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के संपर्क में आया। पुलिस को शक है कि यहां उसे सिद्दीकी की हत्या के निर्देश मिले।

7 जून को जेल से बाहर आने के बाद अख्तर कैथल गया और गुरमेल से मिला। इसके बाद शूटर मुंबई गए। यहां बेस बनाया और हत्या को अंजाम देने की तैयारी में जुट गए।