भाजपा नेता के दावे के अनुसार देवेंद्र फडणवीस बनेंगे महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री। 2-3 दिसंबर को विधायक दल की बैठक के बाद होगी आधिकारिक घोषणा। शिंदे के बेटे को मिल सकता है उपमुख्यमंत्री पद।

मुंबई। भाजपा के एक सीनियर नेता ने रविवार को दावा किया कि देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उनका नाम तय हो गया है। 2 और 3 दिसंबर को विधायक दल की बैठक होगी। इसके बाद औपचारिक रूप से ऐलान हो जाएगा। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने यह रिपोर्ट दी है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पहले ही कह चुके हैं कि वह मुख्यमंत्री को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के फैसले का समर्थन करेंगे। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे को उप मुख्यमंत्री पद दिया जा सकता है। शिवसेना अपने लिए गृह मंत्रालय भी चाहती है। महायुति गठबंधन की सभी पार्टियों भाजपा, शिवसेना (एकनाथ शिंदे) और एनसीपी (अजीत पवार) के बीच सहमति से विभागों का बंटवारा होगा।

जल्द हो जाएगी महाराष्ट्र के सीएम के नाम की घोषणा

रिपोर्ट्स के अनुसार एक सप्ताह तक रही चुप्पी के बाद रविवार दोपहर बाद भाजपा ने तय कर लिया कि महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। घोषणा जल्द ही कर दी जाएगी। भाजपा नेता रावसाहेब दानवे ने रविवार को कहा कि महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री का नाम तय हो गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व से इसकी पुष्टि होनी बाकी है। देवेंद्र फडणवीस को इस पद के लिए सबसे आगे माना जा रहा है। किसी का नाम बताए बिना दानवे ने कहा, "महाराष्ट्र के लोग जानते हैं कि अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा।"

बता दें कि सीएम पद के लिए शिंदे ने अपना दावा छोड़ दिया है, लेकिन शुक्रवार को महायुति के सहयोगियों की बैठक स्थगित होने से मतभेद के संकेत मिले हैं। इसके बाद शिवसेना नेता शिंदे अपने गांव चले गए। अब महायुति नेताओं के बीच सोमवार को चर्चा होने की संभावना है। महायुति के सहयोगी दलों ने पहले ही अपने विधायक दल के नेताओं के नाम घोषित कर दिए हैं। शिवसेना ने एकनाथ शिंदे और एनसीपी ने अजित पवार को विधायक दल का नेता बनाया है। गठबंधन के सबसे बड़े घटक दल भाजपा ने अभी तक अपने विधायक दल के नेता के नाम की घोषणा नहीं की है।

एनसीपी और शिवसेना को मिलेंगे उप मुख्यमंत्री पद

एनसीपी प्रमुख अजीत पवार ने शनिवार को कहा था कि मुख्यमंत्री भाजपा से होंगे। एनसीपी और शिवसेना से एक-एक उप मुख्यमंत्री होंगे। शिवसेना नेताओं ने संकेत दिया है कि वे अपने अगले कदम की रूपरेखा तय करने से पहले भाजपा द्वारा मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने का इंतजार करेंगे। नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 5 दिसंबर को मुंबई के आजाद मैदान में होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसमें शामिल होंगे।

महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन को मिली है 230 सीटें

महाराष्ट्र में पिछले दिनों 288 विधानसभा सीटों पर चुनाव हुए। सत्ताधारी महायुति गठबंधन ने 230 सीटें जीत ली हैं। भाजपा 132 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में सामने आई है। एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 57 और अजीत पवार की एनसीपी को 41 सीटों पर जीत मिली है।