मुंबई में गुरुवार सुबह से भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। स्कूल-कॉलेजों को बंद कर दिया गया है। 

मुंबई। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में भारी बारिश हुई है। राजधानी मुंबई में भी तेज बारिश शुरू हुई। गुरुवार दोपहर तक कई जगहों से जल-जमाव की जानकारी आने लगी। मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। इसके चलते मौसम विभाग द्वारा रेड अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों में NDRF की 13 टीमों को तैनात किया गया है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

रेड अलर्ट को देखते हुए बीएमसी (Brihanmumbai Municipal Corporation) ने सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों और कॉलेजों में गुरुवार की छुट्टी कर दी है। मुंबई नगर आयुक्त और प्रशासक इकबाल सिंह चहल ने कहा, "बीएमसी सभी नागरिकों से सतर्क रहने, घर के अंदर रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने का अनुरोध करती है।"

पिछले 24 घंटे में कोलाबा में हुई 223.2 मिमी बारिश
आईएमडी मुंबई के अनुसार पिछले 24 घंटे में कोलाबा में 223.2 मिमी बारिश हुई है। सांताक्रूज में गुरुवार सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटे में 145.1 मिमी बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर 153.5 मिमी, राम मंदिर क्षेत्र में 161 मिमी, भायखला में 119 मिमी, सायन में 112 मिमी और बांद्रा में 106 मिमी बारिश दर्ज की गई।

नागपुर के कई इलाकों में भरा पानी
रात भर हुई भारी बारिश के बाद नागपुर शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया है। नरेंद्र नगर रेलवे अंडर ब्रिज और एयरपोर्ट इंट्री गेट जलभराव के कारण बंद हैं। स्थानीय निवासी गंगाधर ने बताया कि भारी बारिश हुई थी। कुछ इलाकों में लोगों के घरों में पानी घुस गया है।

यह भी पढ़ें- Heavy Rain Warning: पंजाब-मप्र-गुजरात, हिमाचल-उत्तराखंड और दिल्ली में भारी बारिश की चेतावनी

तेलंगाना में भारी बारिश से गोदावरी का बढ़ा जलस्तर
तेलंगाना में लगातार बारिश होने के कारण भद्राचलम में गोदावरी का जलस्तर बढ़ रहा है। भद्राद्री कोठागुडेम जिला कलेक्टर प्रियंका आला ने बताया है कि करीब 27 कॉलोनियों और गांवों को खाली करा लिया गया है। अब तक 2321 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बचाव अभियान चलाया जा रहा है। राजधानी हैदराबाद में भारी बारिश के चलते जल जमाव हुआ है। लगातार बारिश के कारण मुलुगु में NH-163 पुल के एक हिस्से के ऊपर से पानी बह रहा है।