महाराष्‍ट्र के कोल्हापुर में एक झोलाछाप डॉक्टर की करतूत ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। झोलाछाप डॉक्टर ने इलाज कराने आई महिलाओं का अश्लील वीडियो बनाया। उसी वीडियो के 70 से 80​ क्लिप तब वायरल हो गएं। जब उसने अपना लैपटाप रिपेयरिंग के लिए दिया।

कोल्हापुर। महाराष्‍ट्र के कोल्हापुर में एक झोलाछाप डॉक्टर की करतूत ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। झोलाछाप डॉक्टर ने इलाज कराने आई महिलाओं का अश्लील वीडियो बनाया। उसी वीडियो के 70 से 80​ क्लिप तब वायरल हो गए। जब उसने अपना लैपटाप रिपेयरिंग के लिए दिया। वीडियो क्लिप के वायरल होने के बाद लगभग 400 गुमनाम शिकायती पत्र आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई के लिए भेजे गए हैं। इस पूरे मामले के बाद इलाके में हड़कम्प मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि लगभग 400 स्थानीय महिलाओं ने पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग उठाई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

ये है पूरा मामला

दरअसल, पिछले कई दिनों से कागल तालुका के मुरगुड में एक झोलाछाप डॉक्टर सोशल मीडिया पर अपने व्यवसाय का प्रचार कर रहा था। इलाके के लोग इलाज कराने के लिए डॉक्टर के पास आ भी रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दरम्यान उसने स्थानीय महिलाओं और युवतियों से अश्लील हरकत कर वीडियो बनाए। यह सभी क्लिप उसने अपने लैपटॉप में रखे थे। एक दिन उसने अपने लैपटॉप को मरम्मत के लिए दिया। तभी से इलाके में 70 से 80 अश्लील वीडियो क्लिप तमाम लोगों के मोबाइल फोन पर आने लगी। पेन ड्राइव में भी यह अश्लील वीडियो क्लिप बंटने लगीं। इलाके में दबी जुबान में इसकी चर्चा थी। पर शनिवार को यह चर्चा तब सार्वजनिक हो गई। जब मामले में कार्रवाई के लिए 400 गुमनाम चिट्ठियां शहर के सामाजिक कार्यकर्ताओं और नेताओं को भेजी गईं। बताया जा रहा है कि महिलाओं ने एक ही समय पर यह चिट्ठियां डाक से भेजी, उसमें वीडियो क्लिप के पेन ड्राइव भी थे। शिकायती पत्रों में आरोपी डॉक्टर पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

पत्र में ये कहा गया

भेजे गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि फर्जी डाक्टर ने अश्लील हरकत से मुरगुड का नाम बदनाम किया है। झोलाछाप डॉक्टर ने पेशे की आड़ में गलत काम किया है। मेडिकल के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को कलंकित किया है। देश महिलाओं को सम्मान देकर महिला दिवस मना रहा है। पर मुरगुड की इस घटना से संदेश जा रहा है कि यहां महिलाएं सुरक्षित नही हैं। ऐसी अश्लील हरकतें करने वाले डाक्टर को आइए हम सभी सबक सिखाएं और उस फर्जी डॉक्टर का समर्थन करने वालों पर भी बैन लगाकर संदेश दें कि शहर महिलाओं के लिए सुरक्षित है।