महाराष्ट्र कांग्रेस के बड़े नेता मिलिंद देवड़ा (Milind Deora) ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि मेरे परिवार का कांग्रेस के साथ 55 साल का रिश्ता खत्म हुआ।

मुंबई। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी रविवार को मणिपुर से भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने वाले हैं। इससे पहले कांग्रेस को महाराष्ट्र में बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा (Milind Deora) ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उनके शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट में शामिल होने की संभावना है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मिलिंद देवड़ा ने एक्स पर बताया कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने लिखा, "आज मेरी राजनीतिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हुआ। मैंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया है, जिससे पार्टी के साथ मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता खत्म हो गया है। मैं वर्षों से अटूट समर्थन के लिए सभी नेताओं, सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं का आभारी हूं। मैं विकास के रास्ते पर चल रहा हूं।"

Scroll to load tweet…

कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद मिलिंद देवड़ा ने मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की। देवड़ा ने हाल ही में मुंबई दक्षिण लोकसभा क्षेत्र पर दावा करने वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पर अपनी नाराजगी सार्वजनिक की थी। उन्होंने कहा था, "मैं अपने समर्थकों की बात सुन रहा हूं...अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है।"

मुंबई दक्षिण सीट पर उद्धव ठाकरे गुट ने किया है दावा

दरअसल, मिलिंद देवड़ा कांग्रेस के दिग्गज नेता मुरली देवड़ा के बेटे हैं। मिलिंद देवड़ा 2004 और 2009 में मुंबई दक्षिण सीट से सांसद चुने गए थे। वह 2014 और 2019 के चुनावों में शिवसेना (अविभाजित) नेता अरविंद सावंत से हार गए थे। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले समूह ने 2024 के चुनाव के लिए मुंबई दक्षिण सीट पर दावा किया है। इससे मिलिंद देवड़ा नाराज थे।

यह भी पढ़ें- मणिपुर से आज से शुरू होगी कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा', 15 राज्यों के 100 लोकसभा क्षेत्रों से गुजरेंगे राहुल गांधी

पिछले रविवार को मिलिंद देवड़ा ने कहा था कि अगर "गठबंधन भागीदार" द्वारा इस तरह के बयान बंद नहीं हुए तो उनकी पार्टी भी सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है। शिवसेना (यूबीटी) महा विकास अघाड़ी में कांग्रेस और एनसीपी (शरद पवार गुट) की गठबंधन सहयोगी है। देवड़ा ने कहा था कि चूंकि सीटों के बंटवारे पर औपचारिक बातचीत अभी पूरी नहीं हुई है, इसलिए किसी को भी दावे या प्रतिदावे नहीं करने चाहिए।

यह भी पढ़ें- उद्धव ठाकरे ने बताई विपक्षी गठबंधन इंडिया की मीटिंग में शामिल नहीं होने की वजह