महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में भाजपा गठबंधन को बड़ी जीत मिली है। 11 में से 9 सीटें सत्ताधारी गठबंधन ने जीते हैं। कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली है।

मुंबई। महाराष्ट्र विधान परिषद के चुनाव (Maharashtra Legislative Council Election) में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन को बड़ी जीत मिली है। इसमें भाजपा के साथ मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना और उप मुख्यमंत्री अजीत पवार की एनसीपी शामिल है। महायुति गठबंधन ने 11 में 9 सीटें जीत ली है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

5 भाजपा उम्मीदवारों पंकजा मुंडे, परिणय फुके, अमित गोरखे, योगेश तिलेकर और सदाभव खोत को जीत मिली है। चुनाव जीतने के लिए 23 वोट की जरूरत थी। अजीत पवार की पार्टी के दो नेताओं राजेश विटेकर और शिवाजीराव गर्जे को भी विजेता घोषित किया गया है। वहीं, एकनाथ शिंदे की शिव सेना की भावना गवली ने भी जीत हासिल की।

कांग्रेस को एक सीट पर मिली जीत

विपक्षी दलों के गठबंधन महा विकास अघाड़ी ने तीन उम्मीदवार मैदान में उतारे। इस गठबंधन में कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव ठाकरे) और एनसीपी (शरद पवार) शामिल हैं। कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली है। प्रज्ञा सातव विधान पार्षद बनीं हैं। शुक्रवार सुबह कुल 11 सीटों के लिए मतदान हुआ। 12 प्रत्याशी मैदान में थे।

विधान परिषद जीतने के लिए चाहिए थे 23 प्रथम वरीयता वोट

विधान परिषद के चुनाव के लिए विधायकों को मतदान करना था। पहले डर था कि विधायकों की खरीद-फरोख्त हो सकती है। इसके चलते रिसॉर्ट पॉलिटिक्स का खेल भी हुआ। महाराष्ट्र विधानसभा में अपनी ताकत के हिसाब से इंडिया ब्लॉक ने एक अधिक उम्मीदवार को मैदान में उतारा। विधानसभा में 288 सीटें हैं। इस समय 274 विधायक हैं। इसका मतलब है कि किसी उम्मीदवार को जीत के लिए 23 प्रथम वरीयता वोटों की जरूरत थी।

यह भी पढ़ें- IAS अधिकारी पूजा खेडकर की ऑडी पर लगा 26,500 जुर्माना, मां का खतरनाक वीडियो वायरल

भाजपा गठबंधन के पास 201 विधायक हैं। इस तरह उनके पास प्रथम वरीयता वाले 201 वोट हैं। इसके अलावा उसे नौ निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन हासिल है। विपक्षी महा विकास अघाड़ी के पास 67 विधायक हैं। 6 विधायकों ने खुद को तटस्थ घोषित किया हुआ है।

यह भी पढ़ें- 17 लाख की घड़ी, ऑडी कार, जानें IAS ऑफिसर पूजा खेडकर के पास है कितनी संपत्ति