महाराष्ट्र के नांदेड में एक लड़की ने अपने 20 साल के प्रेमी की हत्या के बाद उसकी लाश से शादी की। लड़की के परिजनों ने लड़के की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 

नांदेड। महाराष्ट्र से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक लड़की ने सबके सामने अपने ब्वॉयफ्रेंड की लाश से शादी की। दरअसल, लड़की के परिजनों ने जाति के आधार पर लड़के को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। मामला नांदेड़ का है, जहां 20 साल के एक लड़के को पहले तो लाठी-डंडो से पीटा गया और बाद में उसका सिर पत्थर से कुचल हत्या कर दी गई। लड़के के अंतिम संस्कार में, उसकी गर्लफ्रेंड ने अपने माथे पर सिंदूर लगाया और उसके घर में बहू बनकर रहने की कसम खाई। बता दें कि पुलिस ने हत्या का केस दर्ज करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

क्या है पूरा मामला?

नांदेड़ की रहने वाली आंचल अपने भाइयों के जरिए सक्षम टेटे नाम के एक युवक से मिली। धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के घर आने-जाने लगे। देखते ही देखते दोनों में नजदीकियां बढ़ने लगीं, लेकिन दोनों की शादी के बीच जाति का बंधन सबसे बड़ी समस्या था। लड़की के परिजनों ने जाति अलग होने की वजह से इस शादी का विरोध किया। उन्होंने लड़की को डराया-धमकाया लेकिन बावजूद इसके आंचल ने सक्षम के साथ बातचीत और मिलना-जुलना बंद नहीं किया। सक्षम के साथ रिश्ते से नाराज आंचल के भाइयों और पिता को जब पता चला कि उनकी बेटी टेटे से शादी करने वाली है तो उन्होंने बीते गुरुवार लड़के को जमकर पीटा। यहां तक कि उसे गोली मार सिर को पत्थर से कुचल दिया।

लड़की ने की लाश से शादी

जब सक्षम का अंतिम संस्कार हो रहा था तो आंचल उसके घर पहुंची। उसने उसके शरीर पर हल्दी और अपने माथे पर सिंदूर लगाया। साथ ही आंचल ने अपने मरे हुए बॉयफ्रेंड की लाश से शादी की और पूरी जिंदगी उसके घर में उसकी पत्नी के तौर पर रहने का फैसला किया। आंचल ने सक्षम के हत्यारों के लिए मौत की सजा की मांग करते हुए कहा, "उनकी मौत के बाद भी हमारा प्यार जीत गया और मेरे पिता और भाई हार गए।" आंचल ने आगे कहा, मैंने उनसे इसलिए शादी की क्योंकि भले ही वो सशरीर मेरे साथ नहीं हैं, लेकिन हमारा प्यार अब भी जिंदा है और हमेशा रहेगा।