मुंबई के एक CA ने ब्लैकमेलिंग के चलते खुदकुशी कर ली। 3 करोड़ से ज़्यादा की फिरौती देने के बाद भी प्राइवेट वीडियो लीक करने की धमकी मिल रही थी। सुसाइड नोट में दो लोगों को जिम्मेदार ठहराया गया है।

Mumbai CA Suicide: मुंबई के 32 साल के एक CA (Chartered Accountant) ने मंगलवार को आत्महत्या कर लिया। उन्हें पिछले कुछ महीनों से ब्लैकमेल किया जा रहा था। उन्होंने पिछले कुछ महीनों में तीन करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान कर दिया था। इसके बाद भी बदमाश प्राइवेट वीडियो लीक करने की धमकी दे रहे थे और अधिक पैसे मांग रहे थे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पुलिस अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान राज लीला मोरे के रूप में हुई है। उन्होंने जहर खाकर आत्महत्या की। मरने से पहले तीन पेज का सुसाइड नोट लिखा। आरोप लगाया कि उनकी मौत के लिए दो लोग (राहुल पारवानी और सबा कुरेशी) जिम्मेदार हैं। वे प्राइवेट वीडियो लीक करने की धमकी दे रहे थे।

आरोपियों को पता था राज लीला मोरे ने स्टॉक मार्केट में किया है बड़ा निवेश

सुसाइड नोट में बताया गया कि राहुल और सबा ने पिछले 18 महीनों में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करोड़ों रुपए वसूल लिए थे। आरोपियों को पता था कि मोरे CA के रूप में ऊंची सैलरी वाली नौकरी करते हैं। उन्होंने स्टॉक मार्केट में बड़ा निवेश कर रखा है। आरोपियों ने धमकी देकर मोरे को अपनी कंपनी के खाते से भारी मात्रा में धनराशि अपने निजी खातों में ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया। यहां तक कि दोनों आरोपियों ने मोरे से जबरदस्ती उनकी लग्जरी कार ले ली।

मोरे की मां ने पुलिस को बताया- मानसिक दबाव में था बेटा

मोरे की मां ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा पिछले कुछ महीनों से बहुत अधिक मानसिक दबाव में था। अधिकारियों ने मोरे के कमरे से तीन पन्नों का सुसाइड नोट बरामद किया। इसमें एक उसकी मां को समर्पित था। नोट में उन्होंने माफी मांगी और अपने परिवार से अपना ख्याल रखने को कहा।

राज लीला मोरे ने अपने सुसाइड नोट में क्या लिखा?

मोरे ने दूसरे पेज पर सहकर्मियों का जिक्र किया। उन्होंने लिखा,"दीपा लखानी, आज मेरे पास माफी मांगने के लिए शब्द नहीं हैं। क्योंकि मैंने आपका भरोसा तोड़ा है। लेकिन यकीन मानिए, यह आखिरी बार था। मेरा आपका भरोसा तोड़ने का कोई इरादा नहीं था। मैंने जो भी धोखाधड़ी की, वो मैंने खुद की, किसी को कुछ पता नहीं चला। मैंने स्टेटमेंट (अकाउंट) में कोई हेराफेरी नहीं की। श्वेता और जयप्रकाश को इस बारे में बिल्कुल भी जानकारी नहीं थी कि क्या हो रहा है। कृपया उनके खिलाफ कोई कार्रवाई न करें।"

तीसरे पेज पर मोरे ने अपनी मौत के लिए राहुल और सबा को जिम्मेदार ठहराया। कहा, "मैं, राज मोरे आज सुसाइड करने जा रहा हूं। राहुल परवानी मेरी आत्महत्या के लिए जिम्मेदार है। उसने मेरे साथ छल किया और महीनों तक मुझे ब्लैकमेल किया। उसने मुझे मेरी सेविंग खत्म करने के लिए मजबूर किया। मेरी कंपनी के खाते से पैसे चुरा लिए। राहुल परवानी और सबा कुरैशी मेरी मौत के लिए जिम्मेदार हैं।"

पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ जबरन वसूली और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।