सैफ अली खान पर जानलेवा हमला करने वाले को मुंबई पुलिस ने ठाणे से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपना नाम बदलकर विजय दास रख लिया था और मुंबई के एक पब में काम करता था। पुलिस हमलावर की राष्ट्रीयता की जांच कर रही है।

मुंबई। फिल्म स्टार सैफ अली खान (Saif Ali Khan) पर जानलेवा हमला करने वाले को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 16 जनवरी को मुंबई स्थित सैफ अली खान के घर में घुसपैठ की थी। उसने चाकू से फिल्म स्टार को कई जगह गोद दिया था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मुंबई पुलिस ने आरोपी को महाराष्ट्र के ठाणे से रविवार को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान मोहम्मद अलीयान उर्फ ​​बी.जे. के रूप में हुई है। उसने अपराध स्वीकार कर लिया है। हमलावर ने अपना नाम बदलकर विजय दास रख लिया था। वह मुंबई के एक पब में काम करता था। उसे ठाणे के हीरानंदानी एस्टेट में मेट्रो निर्माण स्थल के पास एक लेबर कैम्प से गिरफ्तार किया गया। विले पार्ले पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने उसे पकड़ा।

पुलिस उसे लेकर बांद्रा आई और सैफ अली खान पर हमला मामले में संलिप्तता को लेकर पूछताछ की। उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड में भेजने की मांग की जाएगी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमलावर भारतीय है या बांग्लादेशी नागरिक। कहीं उसने फर्जी पहचान पत्र तो नहीं बनवा रखे हैं।

मुंबई पुलिस ने जगह-जगह लगाए थे आरोपी के पोस्टर

मुंबई पुलिस ने आरोपी की तस्वीर वाले पोस्टर मुंबई और आसपास के स्थानों पर लगाए थे। इसमें सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हमलावर की तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया था। कई CCTV फुटेज में दिखने के बाद मुंबई पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई थी। उसे दादर रेलवे स्टेशन पर भी देखा गया था।

इस मामले में छत्तीसगढ़ के दुर्ग में एक संदिग्ध को हिरासत में लिए जाने के बाद यह गिरफ्तारी हुई। संदिग्ध की पहचान 31 साल के आकाश कैलाश कन्नोजिया के रूप में हुई है। उससे पूछताछ करने के लिए मुंबई पुलिस की एक टीम दुर्ग पहुंची।

संदिग्ध को छत्तीसगढ़ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने पकड़ा। वह दुर्ग जिले में ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस ट्रेन में सवार था। मुंबई पुलिस ने संदिग्ध की तस्वीर और लोकेशन की जानकारी रेलवे पुलिस को दी थी।

सैफ अली खान पर चाकू से किया था हमला

बता दें कि बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात सैफ अली खान पर हमला किया गया था। आरोपी ने गर्दन और रीढ़ के पास कई जगह चाकू से वार किया गया। सैफ को ऑटोरिक्शा में लीलावती अस्पताल ले जाया गया। उनकी सर्जरी की गई। अब वे खतरे से बाहर हैं। हमलावर सैफ अली खान के छोटे बेटे जहांगीर (जेह) के कमरे में घुसा था। उसी समय नौकरानी ने उसे देखा था। शोर-शराबा सुनकर सैफ अली खान आए। उन्होंने नौकरानी और बेटे को बचाने के लिए घुसपैठिए का सामना किया। इसी दौरान आरोपी ने उन्हें चाकू मारा।

यह भी पढ़ें- बांद्रा क्या सेफ नहीं रहा? हाईप्रोफाइल लोगों वाले इस क्षेत्र की सुरक्षा पर सवाल