Lottery: पंजाब के अलावा भारत के कई अन्य राज्यों में भी सरकारी लॉटरी चलती है, जहां राज्य सरकारें खुद लॉटरी का संचालन करती हैं। इनमें गोवा, महाराष्ट्र, केरल, सिक्किम और नागालैंड जैसे राज्य शामिल हैं। यहां डेली से बंपर तक कई तरह की लॉटरी निकलती हैं।
Lottery Prize State Wise: भारत में लॉटरी हमेशा से लोगों की दिलचस्पी का बड़ा जरिया रही है। कोई इसे किस्मत आजमाना कहता है, तो कोई छोटे निवेश में बड़ा मौका मानता है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल कि क्या लॉटरी भारत में लीगल है? यह किन राज्यों में चलती है और कहां कितना-कितना इनाम मिलता है? पंजाब लॉटरी की चर्चा के बीच आइए एकदम आसान तरीके से जानते हैं इन सवालों के जवाब...
क्या भारत में लॉटरी लीगल है?
भारत में लॉटरी पर 1998 का लॉटरी रेगुलेशन एक्ट लागू है। यह एक्ट लॉटरी को पूरी तरह बैन नहीं करता, बल्कि राज्य सरकारों को यह अधिकार देता है कि वे चाहें तो कुछ नियमों के साथ अपनी सरकारी लॉटरी चला सकती हैं। इसी वजह से पंजाब जैसे कुछ राज्यों में लॉटरी चलती है, बाकी राज्यों ने इसे सामाजिक नुकसान और लत के खतरे के कारण बंद कर रखा है।
कौन-कौन से राज्यों में सरकारी लॉटरी चलती है?
भारत में फिलहाल 13 राज्यों में सरकार द्वारा संचालित लॉटरी लीगल है। ये राज्य पंजाब, गोवा, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मणिपुर, सिक्किम, नागालैंड, मिजोरम और केरल हैं। ये सभी राज्य अपनी-अपनी नियमावली और इनाम राशि के हिसाब से लॉटरी निकालते हैं। इनमें दैनिक, साप्ताहिक, मासिक और बंपर शामिल हैं।
पंजाब स्टेट लॉटरी: सबसे लोकप्रिय बंपर लॉटरी
पंजाब में सरकारी लॉटरी काफी एक्टिव है और यहां अलग-अलग तरह की स्कीमें मिलती हैं। पंजाब की लोहड़ी बंपर, दीवाली बंपर, होली बंपर और न्यू ईयर बंपर बहुत फेमस हैं क्योंकि इनमें 11 करोड़ रुपए तक का इनाम मिलता है। सरकार की तरफ से पारदर्शी ड्रॉ सिस्टम और नियमित अपडेट्स लोगों का भरोसा बनाए रखते हैं।
गोवा स्टेट लॉटरी: देश की सबसे पुरानी और पारदर्शी लॉटरी
गोवा की सरकारी लॉटरी को देश की सबसे विश्वसनीय लॉटरी माना जाता है। यहां दैनिक, साप्ताहिक, मासिक और बंपर लॉटरी निकाली जाती हैं। दैनिक लॉटरी का पहला इनाम लगभग 25 लाख रुपए, मासिक का 50 लाख और बंपर लॉटरी में इनाम 5 करोड़ रुपए तक पहुंच जाता है।
केरल स्टेट लॉटरी: भारत की पहली सरकारी लॉटरी
केरल ने 1967 में सबसे पहले सरकारी लॉटरी शुरू की थी। आज भी यहां सबसे ज्यादा तरह की लॉटरी रोजाना, वीकली, मंथली और बंपर निकलती है। ‘विन-विन, स्त्री शक्ति, अक्षया, करुण्या प्लस’ जैसी लॉटरी बहुत पॉपुलर हैं। सबसे ज्यादा चर्चा ओणम बंपर की होती है, जिसका पहला इनाम 10 करोड़ से 25 करोड़ रुपए तक जाता है।
महाराष्ट्र स्टेट लॉटरी: अवैध मटका से लोगों को बचाने का तरीका
महाराष्ट्र में 1969 में सरकारी लॉटरी की शुरुआत इसलिए हुई ताकि लोग अवैध लॉटरी और मटका जैसे धंधों में न फंसें। आज यहां दैनिक, साप्ताहिक और बंपर लॉटरी चलती हैं। साप्ताहिक लॉटरी का पहला इनाम 7 लाख से 25 लाख रुपए तक होता है। जबकि दीपावली बंपर और गुड़ी पाड़वा बंपर में इनाम राशि सीधे 10 करोड़ रुपए तक पहुंचती है।
मिजोरम स्टेट लॉटरी: नॉर्थ-ईस्ट की सबसे पसंदीदा
मिजोरम की सरकारी लॉटरी नॉर्थ-ईस्ट में सबसे ज्यादा लोकप्रिय है, और इसके टिकट देश के कई राज्यों में आसानी से मिल जाते हैं। वीकली लॉटरी में इनाम 10 से 25 लाख रुपए रहता है। जबकि बंपर लॉटरी में यह रकम 1 करोड़ रुपए या उससे ज्यादा तक हो सकती है।
अरुणाचल प्रदेश स्टेट लॉटरी: सिंघम लॉटरी की बड़ी डिमांड
अरुणाचल प्रदेश की लॉटरी ‘सिंघम लॉटरी’ के नाम से जानी जाती है और इसकी पड़ोसी राज्यों में भी भारी डिमांड रहती है। दैनिक और साप्ताहिक ड्रॉ में इनाम 10 लाख से 25 लाख के बीच होता है, जबकि बंपर लॉटरी 1 करोड़ से ज्यादा का इनाम दे सकती है।
नागालैंड स्टेट लॉटरी: दिन में तीन बार ड्रॉ
नागालैंड ने 1972 में लॉटरी शुरू की थी और यहां रोज तीन ड्रॉ सुबह, दोपहर और शाम को होते हैं। दैनिक लॉटरी में पहला इनाम 1 करोड़ रुपए का रहता है। इसके डियर पूजा, डियर दिवाली और न्यू ईयर बंपर देशभर में पॉपुलर हैं क्योंकि इनमें इनाम करोड़ों में होता है।
सिक्किम स्टेट लॉटरी: ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों
सिक्किम में कुल 24 सरकारी लॉटरी ड्रॉ होते हैं। इनमें 8 पेपर टिकट लॉटरी और 16 ऑनलाइन लॉटरी शामिल हैं। सुबह, दोपहर और शाम तीनों टाइम ड्रॉ होता है। डेली लॉटरी में इनाम 1 करोड़ रुपए और बंपर लॉटरी में इनाम 5 करोड़ रुपए तक पहुंच जाता है।


