Agra metro construction update: आगरा मेट्रो में बड़ा बदलाव! कॉलेज स्टेशन जंक्शन बनेगा, एसएन मेडिकल कॉलेज तक सीधा रास्ता। मरीजों के लिए आसान होगा अस्पताल पहुंचना।

Agra metro : ताजनगरी में मेट्रो परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है। आगरा मेट्रो के पहले और दूसरे कॉरिडोर का निर्माण तेज़ी से किया जा रहा है, और अब इसमें एक बड़ा अपडेट सामने आया है। आगरा कॉलेज स्टेशन को जंक्शन बनाया जाएगा, जिससे मेट्रो यात्रियों और एसएन मेडिकल कॉलेज आने-जाने वाले मरीजों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इस जंक्शन पर फुट ओवरब्रिज (FOB) और भूमिगत मार्ग भी बनाया जा रहा है, जिससे राहगीरों को सुगम आवाजाही का लाभ मिलेगा। भूमिगत मार्ग रोड के दोनों ओर खुलेगा, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों को सीधे मेडिकल कॉलेज पहुंचने में आसानी होगी।

कैसा होगा आगरा मेट्रो का नया जंक्शन?

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अरविंद राय ने बताया कि पहला कॉरिडोर ताज पूर्वी से सिकंदरा और दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक बनाया जा रहा है। दूसरे कॉरिडोर को एलिवेटेड रखा गया है, और इसमें आगरा कॉलेज स्टेशन को जंक्शन के रूप में विकसित किया जा रहा है।

इस जंक्शन को दोनों कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा।

  • मेट्रो स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज (FOB) और अंडरग्राउंड रास्ता बनाया जाएगा।
  • यह अंडरग्राउंड मार्ग सीधे एसएन मेडिकल कॉलेज से जुड़ा होगा, जिससे इमरजेंसी मरीजों को लाभ मिलेगा।

मरीजों को होगी बड़ी सहूलियत

एसएन मेडिकल कॉलेज में रोज़ाना 4,000-5,000 मरीज और तीमारदार पहुंचते हैं। भूमिगत मार्ग बनने से मरीजों को सड़क पार करने की परेशानी नहीं होगी और वे सीधे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी वार्ड तक आसानी से पहुंच सकेंगे।

जल्द पूरा होगा निर्माण कार्य

  • पहले कॉरिडोर के तीन प्रमुख स्टेशन – आरबीएस, राजा की मंडी और आगरा कॉलेज का सिविल वर्क पूरा हो चुका है।
  • एसएन से मन:कामेश्वर स्टेशन तक 70% सुरंग निर्माण पूरा हो चुका है।
  • जून तक चारों स्टेशन का काम पूरा होगा, और जुलाई-अगस्त में खंदारी तक मेट्रो संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: यूपी में दिव्यांगों के लिए योगी सरकार की नई योजनाएं! भविष्य बनेगा शानदार