राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लोकार्पण पर पीएम मोदी ने सीएम योगी की सराहना की। कूड़े के पहाड़ से भव्य स्थल के निर्माण को ऐतिहासिक बताया। अटल जन्मशताब्दी पर दूसरी बार प्रदेशवासियों को विरासत पर गर्व की अनुभूति मिली।

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लोकार्पण समारोह में कहा कि यह स्थान कभी 30 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले कूड़े-कचरे के पहाड़ के रूप में जाना जाता था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पिछले तीन वर्षों में इस पूरे क्षेत्र का कायाकल्प कर भव्य राष्ट्र प्रेरणा स्थल का निर्माण किया गया। प्रधानमंत्री ने इस कार्य के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, श्रमिकों, कारीगरों और योजनाकारों को बधाई दी। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी लखनऊ में इतने भव्य प्रेरणा स्थल की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शुभकामनाएं दीं।

योगी सरकार ने प्रदेशवासियों को फिर कराई ‘विरासत पर गर्व’ की अनुभूति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को दूसरी बार ‘अटल’ सम्मान दिलाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में योगी सरकार ने प्रदेशवासियों को एक बार फिर अपनी विरासत पर गर्व करने का अवसर दिया। यह गौरवपूर्ण अनुभूति योगी सरकार के छह वर्षों के कार्यकाल में दूसरी बार देखने को मिली, जब अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया।

छह साल पहले लोकभवन में हुआ था अटल जी की प्रतिमा का अनावरण

अटल बिहारी वाजपेयी का लखनऊ से गहरा भावनात्मक और राजनीतिक जुड़ाव रहा है। उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में लखनऊ को विशेष महत्व दिया। योगी सरकार ने अटल जी की स्मृतियों को सहेजते हुए 25 दिसंबर 2019 को लोकभवन परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से 25 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण कराया था। ठीक छह वर्ष बाद, 25 दिसंबर 2025 को अटल जी के जन्म शताब्दी महोत्सव के अवसर पर 65 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा राष्ट्र को समर्पित की गई।

मोदी, योगी और राजनाथ के संबोधन में राष्ट्र, राम और महापुरुषों का सम्मान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह—तीनों के संबोधन में राष्ट्र, राम और महापुरुषों के प्रति सम्मान की स्पष्ट झलक दिखाई दी। प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने भाषण की शुरुआत ‘भारत माता की जय’ से की, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘सियावर रामचंद्र भगवान की जय’ के उद्घोष से जनभावनाओं को जोड़ा।

तीनों नेताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी के कृतित्व पर प्रकाश डाला। साथ ही महामना मदन मोहन मालवीय और महाराजा बिजली पासी की जयंती को याद करते हुए नई पीढ़ी को गौरवशाली इतिहास से परिचित कराया।

राष्ट्र प्रेरणा स्थल: एक नजर में

  • कमल पुष्प के आकार में निर्मित राष्ट्र प्रेरणा स्थल
  • लगभग 230 करोड़ रुपये की लागत से विकसित
  • कुल क्षेत्रफल 65 एकड़
  • डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की 65-65 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमाएं
  • एक साथ 2 लाख लोगों के एकत्र होने की क्षमता
  • 6300 वर्ग मीटर में आधुनिक संग्रहालय
  • 3000 दर्शकों की क्षमता वाला भव्य एंफीथियेटर