बिहार चुनाव 2025 में CM योगी आदित्यनाथ ने राजद-कांग्रेस पर हमला बोला। कहा, जंगलराज और भ्रष्टाचार के दिन लौटने नहीं देंगे। एनडीए सरकार विकास, रोजगार और पारदर्शी शासन के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

पटना, 16 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार से बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान में उतर गए। उन्होंने दानापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रामकृपाल यादव की नामांकन रैली में हिस्सा लिया और फुलवारी शरीफ से एनडीए उम्मीदवार श्याम रजक के समर्थन में वोट देने की अपील की।

अपने संबोधन में सीएम योगी ने राजद, कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब बिहार विकास की बात कर रहा है, तब विपक्षी दल विकास की जगह “बुरके की राजनीति” कर रहे हैं।

विकास की राह में बाधा डाल रहे हैं राजद और कांग्रेस

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राजद और कांग्रेस फर्जी पोलिंग करवाने की साजिश कर रहे हैं। ये दल बिहार की जनता के अधिकारों पर डकैती डालना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि “ये लोग ईवीएम से नहीं, बल्कि पुराने समय की तरह जबर्दस्ती मतदान और मतपत्र छिनने की परंपरा लौटाना चाहते हैं।”

सीएम योगी ने कहा कि बिहार की जनता को इन दलों के झांसे में नहीं आना चाहिए। राजद और कांग्रेस बिहार को फिर उसी कालखंड में ले जाना चाहते हैं, जब अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर था।

1990 से 2005 तक का जंगलराज सबको याद है

सीएम योगी ने कहा कि 1990 से 2005 तक बिहार जंगलराज और परिवारवाद का शिकार रहा। उस दौर में अपराधियों और माफियाओं को राजनीतिक संरक्षण दिया गया था। बिहार, जो कभी भारत की ज्ञानभूमि और स्वर्ण युग का प्रतीक था, उसे इन दलों ने अपराध की भूमि में बदल दिया।

उन्होंने कहा कि उस समय लोग बिहार से पलायन करने को मजबूर थे। लेकिन अब एनडीए सरकार ने बिहार को विकास की राह पर वापस लाया है।

NDA सरकार करेगी भ्रष्टाचार और अपराध पर लगाम

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जैसे उत्तर प्रदेश में माफियाओं की संपत्तियां जब्त कर गरीबों के घर बनाए जा रहे हैं, वैसे ही बिहार में भी एनडीए सरकार राजद-कांग्रेस के भ्रष्टाचार और अपराध के नेटवर्क पर नकेल कसेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने गरीब कल्याण को प्राथमिकता दी है, जबकि कांग्रेस-राजद का एजेंडा केवल परिवार कल्याण तक सीमित था।

विकास की रकम चारा घोटाले में उड़ाई गई

सीएम योगी ने कहा कि चारा महाघोटाले के जरिए विकास की राशि को लूटा गया था। लेकिन एनडीए सरकार ने 20 सालों में बिहार को इस कलंक से मुक्त किया है। आज बिहार में आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर, सड़कें, बिजली, रोजगार और शिक्षा की सुविधाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि अब कोई भी अपराधी “अपहरण उद्योग” जैसे पुराने दौर को वापस नहीं ला सकता।

फर्जी मतदान का समर्थन कर रहे हैं विपक्षी दल

CM योगी ने कहा कि पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया में हर मतदाता को पहचान पत्र दिखाकर मतदान करना होता है। लेकिन राजद और कांग्रेस चाहते हैं कि बिना पहचान के कोई भी वोट डाल दे। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए खतरा है। बिहार की जनता को चाहिए कि ऐसे दलों को वोट से जवाब दे।

राजद-कांग्रेस ने लोकतंत्र को गिरवी रखा: CM योगी

CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब कांग्रेस ने लोकतंत्र का गला घोंटा था, तब बिहार ने जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में आवाज उठाई थी। अब वही राजद, कांग्रेस की झोली में जाकर जेपी के सपनों के साथ विश्वासघात कर रहा है। उन्होंने कहा कि वैशाली दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र का उदाहरण है। बिहार ने नालंदा विश्वविद्यालय जैसा गौरवशाली इतिहास बनाया, लेकिन राजद और कांग्रेस को बिहार का यह विकास पसंद नहीं आता।

उत्तर प्रदेश और बिहार का अटूट रिश्ता

CM योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार का संबंध भगवान राम और मां जानकी जैसा अटूट है। उन्होंने कहा कि यह साझी विरासत और संस्कृति का प्रतीक है। मुख्यमंत्री योगी ने बिहार के महापुरुषों-चाणक्य, चंद्रगुप्त मौर्य और भगवान बुद्ध-का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार ने भारत को दिशा देने का कार्य किया है।

अयोध्या में राम मंदिर, बिहार में मां जानकी मंदिर

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बन चुका है, और अब बिहार में 900 करोड़ की लागत से मां जानकी का भव्य मंदिर बन रहा है। उन्होंने कहा कि जब लोग कहते थे “रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे”, तब कांग्रेस-राजद इसे असंभव बताते थे। लेकिन आज यह सपना पूरा हो चुका है।

यूपी-बिहार की विरासत और विकास साथ-साथ

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी और बिहार की विरासत अब साथ मिलकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि बलिया में जयप्रकाश नारायण के नाम पर चिकित्सालय और भव्य स्मारक बनाया गया है। प्रयागराज में यूपी का पहला लॉ यूनिवर्सिटी भी डॉ. राजेंद्र प्रसाद के नाम पर स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या और सीतामढ़ी को जोड़ने वाला राम-जानकी मार्ग फोरलेन सड़क के रूप में विकसित किया जा रहा है।

बिहार में विकास और रोजगार की नई संभावनाएं

सीएम योगी ने कहा कि आज बिहार में मेट्रो, विश्वविद्यालय, एयरपोर्ट, इनलैंड वाटरवे और नौजवानों के रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैसे दीपावली में हर घर में रोशनी और छठ में उत्सव होता है, वैसे ही बिहार की इस लोकतांत्रिक धरती पर लोकतंत्र का कमल फिर से खिलना चाहिए। योगी ने आह्वान किया कि बिहार की जनता एनडीए को समर्थन देकर राज्य को फिर से स्वर्ण युग में ले जाए।

यह भी पढ़ें

श्रीराम के आगमन की खुशी में झूमेगी अयोध्या, 1500 सफाई कर्मी कर रहे ऐतिहासिक तैयारी

Deepotsav 2025: हजारों कमाने वाले अब कमा रहे लाखों, योगी की एक पहल ने बदल दी किस्मत