कानपुर देहात के अकबरपुर मेडिकल कॉलेज में 8 महीने की गर्भवती महिला के साथ मारपीट का आरोप लगा है। जुर्माने के नाम पर अवैध वसूली, पति से पैसे छीने जाने और गर्भवती महिला के पेट में लात मारने का मामला सामने आया है। मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने संज्ञान लिया है
जहां एक मां अपने होने वाले बच्चे की सलामती के लिए अस्पताल का दरवाजा खटखटाती है, वहीं अगर उसी जगह पर डर, अपमान और हिंसा का सामना करना पड़े, तो सिस्टम पर सवाल खड़े होना लाजिमी है। कानपुर देहात के अकबरपुर मेडिकल कॉलेज से ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने अस्पताल की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।
जुर्माने के नाम पर वसूली का आरोप
सोमवार को 8 महीने की गर्भवती महिला रुकसार अपने पति उस्मान के साथ अकबरपुर मेडिकल कॉलेज पहुंची थी। इसी दौरान मेडिकल कॉलेज में कार्यरत बताए जा रहे रोहित यादव ने उस्मान पर गुटखा खाने का आरोप लगाया और 500 रुपये जुर्माना भरने की बात कही। उस्मान ने आरोप से इनकार करते हुए पैसे देने से मना किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
यह भी पढ़ें: यमुना एक्सप्रेसवे पर मौत का तांडव, मरने वालों की संख्या 13 पहुंची, 79 घायल
गाली-गलौज, मोबाइल छीना और जबरन पैसे निकालने का आरोप
पीड़ित दंपती का आरोप है कि रोहित यादव ने पहले उस्मान के साथ गाली-गलौज की, फिर उसका मोबाइल छीन लिया और जेब से जबरन 340 रुपये निकाल लिए। यहीं मामला नहीं रुका, बल्कि हालात और भी गंभीर हो गए।
गर्भवती महिला के पेट में लात मारने का गंभीर आरोप
रुकसार का कहना है कि जब उसने अपने पति के साथ हो रही बदसलूकी का विरोध किया, तो रोहित यादव आक्रामक हो गया। आरोप है कि इसी दौरान उसने रुकसार के पेट में लात मार दी। लात लगने के बाद रुकसार करीब दस मिनट तक जमीन पर पड़ी रही। इस दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और गर्भ में पल रहे बच्चे की जान भी खतरे में बताई जा रही है। घटना के बाद से महिला सदमे में है।
रोजाना अवैध वसूली करता है आरोपी: पति
उस्मान का आरोप है कि रोहित यादव मेडिकल कॉलेज परिसर में मरीजों और उनके तीमारदारों से रोजाना अवैध वसूली करता है। डराकर पैसे ऐंठना उसकी आदत बन चुकी है। घटना के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन शुरुआत में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित पति का बयान
उस्मान ने बताया कि वह पत्नी को दिखाने जिला अस्पताल आए थे। वहां एक व्यक्ति ने जबरन मुंह खुलवाकर गुटखा खाने का आरोप लगाया और रसीद कटवाने की बात कही। जब विरोध किया गया तो मोबाइल छीना गया और जेब में रखे 340 रुपये निकाल लिए गए। पत्नी के बीच में आने पर उसके पेट में लात मारी गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने लिया संज्ञान
मामले की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला अकबरपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचीं और पीड़िता से मुलाकात की। उनके हस्तक्षेप के बाद रुकसार का मेडिकल परीक्षण कराया गया। मंत्री ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
जांच में जुटी पुलिस, प्रशासन की भूमिका पर सवाल
फिलहाल पुलिस पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। वहीं, मेडिकल कॉलेज परिसर में इस तरह की घटना सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। अब देखना होगा कि जांच के बाद दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है और क्या अस्पताल परिसर में मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
यह भी पढ़ें: आगरा ऑनर किलिंग: जिन हाथों ने बेटी को चलना सिखाया, उन्हीं हाथों ने उसकी सांसें छीन लीं
