कानपुर में नेवी के जवान पर महिला कांस्टेबल ने शादी का झूठा वादा कर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी अब दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है।

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक महिला कांस्टेबल ने नेवी के जवान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला कांस्टेबल का कहना है कि जवान ने शादी का झूठा वादा कर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया और अब दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है। इस मामले में महिला कांस्टेबल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की मांग की है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कैसे हुआ संपर्क?

महिला कांस्टेबल के मुताबिक, आरोपी नेवी जवान कृष्ण प्रताप सिंह रायबरेली का रहने वाला है। उसकी बहन की शादी कानपुर के बिधनू इलाके में हुई है, जहां महिला कांस्टेबल भी रहती है। बहन के ससुराल आने-जाने के दौरान दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी। महिला कांस्टेबल का कहना है कि वह शुरू में दूरी बनाए रखना चाहती थी, लेकिन कृष्ण बार-बार उसकी तैनाती वाली जगह पर पहुंच जाता था और उस पर शादी का दबाव बनाता था।

यह भी पढ़ें : संगम से शुरू हुई 2000 किलोमीटर की महासंगम यात्रा, नवल किशोर दास का अनोखा संकल्प!

कई जगह ले जाकर किया दुष्कर्म

महिला कांस्टेबल ने अपनी शिकायत में बताया कि साल 2023 में कृष्ण ने उसे कानपुर सेंट्रल के एक होटल में बुलाकर पहली बार उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी उसे प्रयागराज और लखनऊ के अलग-अलग होटलों में बुलाता रहा और जबरन संबंध बनाता रहा। लखनऊ के एक होटल में तो उसने महिला कांस्टेबल को तीन दिन तक बंद रखा और बार-बार दुष्कर्म किया।

शादी के लिए मांगे 20 लाख रुपये और कार

महिला कांस्टेबल के अनुसार, जब कृष्ण के पिता रिश्ते की बात करने उसके घर आए, तो उन्होंने शादी के बदले 20 लाख रुपये और एक कार की मांग रखी। उन्होंने साफ कहा कि बिना गाड़ी और पैसे के शादी नहीं होगी।

अब दूसरी लड़की से कर रहा शादी

महिला कांस्टेबल ने बताया कि कुछ ही दिन पहले उसे पता चला कि कृष्ण प्रतापगढ़ की रहने वाली एक लड़की से शादी करने जा रहा है। 21 फरवरी को उसका तिलक और 24 फरवरी को शादी तय हो चुकी है। इस खबर के बाद महिला कांस्टेबल सदमे में चली गई और खुद को "जिंदा लाश" बताते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट

इस मामले में कानपुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : 4 बीवियों से नहीं भरा मन! झूठ बोल कर ली 5वीं शादी, ससुराल पहुंची तो उड़ गए होश!